शाहजहांपुर : यूपी में शाहजहांपुर के थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव दमगड़ा से गंगा स्नान करने के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के ऑटो को ट्रक ने टक्कर मार दी। भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे अल्हागंज के गांव सुगसुगी के पास बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर हुआ। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
बताया जा रहा है कि ऑटो में 12 लोग सवार थे। हादसे में ऑटो चालक समेत सभी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएम उमेश प्रताप सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा और जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा मौके पर पहुंचे। घटना के संबंध में ग्रामीणों से जानकारी की। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे में लालाराम पुत्र वेदराम, पुत्तू लाल पुत्र वेदराम, सियाराम पुत्र माखनपाल, सुरेश पुत्र माखनपाल, लवकुश पुत्र चंद्रपाल, यतीराम पुत्र सीताराम, पोथीराम पुत्र नोखेराम, बसंता पत्नी नेत्रपाल, ऑटो चालक अनंतराम पुत्र नेत्रपाल, रूपा देवी पत्नी लवकुश, राहुल पुत्र ऋषिपाल और रंपा पत्नी ऋषिपाल निवासी लहसना, जलालाबाद की मौत हो गई।
पांचाल घाट जा रहे थे सभी श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक गांव दमगड़ा के लोग ऑटो से गंगा स्नान करने फर्रुखाबाद के पांचाल घाट जा रहे थे। अल्हागंज के गांव सुगसुगी के पास बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर सामने से आ रहे ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार 12 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में आठ पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा है।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि ट्रक की टक्कर के बाद ऑटो में सवार पांच-छह लोग सड़क पर गिर गए थे। इनकी जान बच सकती थी, लेकिन ट्रक चालक ने हादसे के बाद इनके ऊपर से ट्रक गुजर दिया। लोगों की भीड़ जुटने पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।(वीएनएस)।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद शाहजहांपुर में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
शाहजहांपुर सड़क हादसे मामले में कंटेनर चालक पर हत्या का मुकदमा
उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज क्षेत्र में गुरुवार को कंटेनर की टक्कर से आटो रिक्शा सवार 12 लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने कंटेनर चालक के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया है।पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने यूनीवार्ता को बताया कि अल्लाहगंज क्षेत्र में आज सुबह कंटेनर और आटो की टक्कर में 12 लोगों की मौत के मामले में कंटेनर चालक के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।(वार्ता)
#WATCH थाना अल्हागंज क्षेत्र के ग्राम सुगसुगी के पास कंटेनर व ऑटो के बीच सड़क दुर्घटना में 12 लोगों की मृत्यु हुई है। मामला दर्ज़ कर लिया है। कंटेनर का ड्राइवर फरार है, जिसकी गिरफ़्तारी के लिए टीम लगा दी हैं: अशोक कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक, शाहजहाँपुर pic.twitter.com/xqWBYEJBGT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 25, 2024


