Varanasi

वाराणसी में पार्किंग व्यवस्था बदलेगी: निजी पार्किंग शुल्क घटा, 5 जगह बनेंगे पिक एंड ड्रॉप स्थल

वाराणसी में पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए नगर निगम ने कई अहम फैसले लिए हैं। निजी भूमि पर पार्किंग संचालकों का शुल्क 17 से घटाकर 12 प्रतिशत और एग्रीमेंट वाली निजी भूमि पर 12 से घटाकर 8.5 प्रतिशत किया गया है। पहले चरण में पांच स्थानों पर ऑटो-ई-रिक्शा के लिए पिक एंड ड्रॉप स्थल विकसित होंगे। 20 प्रमुख चौराहों पर जेब्रा क्रॉसिंग और स्टॉप लाइन बनाई जाएगी। बिना अनुमति पार्किंग संचालन पर कार्रवाई होगी।

वाराणसी। शहर में लगातार बढ़ती पार्किंग और यातायात की समस्या को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निजी पार्किंग संचालकों से लिए जाने वाले नगर निगम के शुल्क में कमी करने के साथ ही ऑटो और ई-रिक्शा के लिए पहले चरण में पांच स्थानों पर पिक एंड ड्रॉप स्थल विकसित किए जाएंगे। इन स्थलों पर वाहन केवल यात्रियों को उतारने या बैठाने के लिए रुक सकेंगे और इसके बाद तत्काल रवाना होंगे। यहां स्थायी पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।

उत्तर प्रदेश नगर निगम (पार्किंग स्थान का सन्निमार्ण, अनुरक्षण और प्रचालन) नियमावली, 2025 के तहत 25 सितंबर 2026 को वाराणसी स्मार्ट सिटी स्थित सभागार में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में पार्किंग प्रबंध समिति की बैठक हुई। बैठक में शहर की पार्किंग व्यवस्था, ऑटो-ई-रिक्शा संचालन और यातायात को सुगम बनाने के साथ आमजन को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

निजी पार्किंग शुल्क में बड़ी राहत

समिति ने निजी पार्किंग संचालकों से नगर निगम द्वारा लिए जाने वाले शुल्क को कम करने का निर्णय लिया। अपनी निजी भूमि पर पार्किंग संचालित करने वाले संचालकों से लिया जाने वाला शुल्क कुल मासिक आय के 17 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं, किसी अन्य की निजी भूमि एग्रीमेंट पर लेकर पार्किंग संचालित करने वाले संचालकों के लिए यह शुल्क 12 प्रतिशत से घटाकर 8.5 प्रतिशत किया गया है। नगर निगम के इस निर्णय से निजी पार्किंग संचालन को प्रोत्साहन मिलने और शहर में अधिकृत पार्किंग व्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

पहले चरण में पांच स्थानों पर पिक एंड ड्रॉप

शहर में ऑटो एवं ई-रिक्शा के लिए पिक एंड ड्रॉप स्थलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया गया है। इनमें इंग्लिशिया लाइन, पाण्डेयपुर-आजमगढ़ रोड, चौकाघाट पुल के पास, आशापुर-सारनाथ रोड, मैदागिन कोतवाली के सामने, पड़ाव, लंका, बसंत कॉलेज के बगल राजघाट, कलेक्ट्री फार्म और दुर्गाकुण्ड ऑटो स्टैंड सहित अन्य स्थान शामिल हैं। इनमें से पहले चरण में पांच स्थानों पर पिक एंड ड्रॉप स्थल विकसित किए जाएंगे। संबंधित जोन के अधिशासी अभियंता अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) से समन्वय कर स्थलों का आवश्यक चिन्हांकन, थर्मोप्लास्ट पेंटिंग और संकेतक बोर्ड लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

20 प्रमुख चौराहों पर जेब्रा और स्टॉप लाइन

यातायात व्यवस्था को और व्यवस्थित करने के लिए शहर के 20 प्रमुख चौराहों एवं स्थलों पर जेब्रा क्रॉसिंग और स्टॉप लाइन पेंटिंग कराई जाएगी। संबंधित जोन के अधिशासी अभियंताओं को स्थलों का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पाण्डेयपुर चौराहे से सीकड़ लगाकर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा महानगर सीमा तक पिक एंड ड्रॉप के संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।

लहरतारा पुल के नीचे होगा सुंदरीकरण

बैठक में लहरतारा पुल के नीचे बस पार्किंग और पुलिस चौकी के आसपास के क्षेत्र का सुंदरीकरण कराने पर भी चर्चा हुई। साथ ही आईपी विजया मॉल के पास वाहन पार्किंग विकसित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। कैंट क्षेत्र के सामने ऑटो चालकों द्वारा अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े किए जाने से उत्पन्न यातायात समस्या को समिति ने गंभीरता से लिया और प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए।

अवैध पार्किंग संचालन पर होगी कार्रवाई

समिति ने स्पष्ट किया कि नगर निगम से विधिवत अनुमति प्राप्त करने के बाद ही पार्किंग का संचालन किया जा सकेगा। बिना अनुमति पार्किंग संचालित करने वालों के विरुद्ध संबंधित को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ऑटो यूनियन को 15 दिन की मोहलत

ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों को पूर्व से संचालित ऑटो स्टैंडों के आसपास शेड और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अतिरिक्त ऑटो स्टैंड विकसित करने के लिए संभावित स्थलों का चिन्हांकन कर 15 दिन के भीतर समिति को प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया है। प्राप्त प्रस्तावों पर आगामी बैठक में विचार-विमर्श के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) डॉ. राजेश कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंशुमान मिश्रा, अपर नगर आयुक्त अमित कुमार, सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार यादव, अधिशासी अभियंता एम.के. सिंह, परिवहन विभाग के पीटीओ अमित वर्मा सहित ऑटो एवं ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बरेका में गूंजेगी पहलवानों की हुंकार, 13 रेलवे टीमों के बीच 29 सितंबर से कुश्ती का महासंग्राम

प्रदीप वर्मा का दावा- “समर्पित कार्यकर्ता को भाजपा में जिम्मेदारी मिलती है, गणेश परिक्रमा से नहीं”

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button