
कड़े मुकाबले में तीन विकेटों से हिंडाल्को को मात दे बीना अगले चक्र में
मैन ऑफ द मैच बने बीना के खिलाड़ी संजय कुमार
दुद्धी, सोनभद्र : 37वें अंतरराज्जीय क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे मैच के कड़े मुकाबले में शनिवार को बीना की टीम ने हिंडाल्को को 3 विकटों से हराकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। मैच की बावत जानकारी देते हुए आयोजन समिति के संरक्षक मोहम्मद शमीम अंसारी ने बताया कि मैच का टॉस बीना के कप्तान बिल्लू तिवारी ने जीता व पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। हिंडाल्को की टीम निर्धारित 20 ओवरों में अपने 6 विकेट खोकर 185 रन बनाए। जिसमें मध्यमक्रम के बल्लेबाज अभिषेक सिंह ने 3 छक्कों और 10 चौकों की मदद से सर्वाधिक 64 रनों की पारी खेली।
सलामी बल्लेबाज अमित पांडेय ने 9 चौकों की मदद से 60 रन बनाए। इसके अलावा रवि सिंह ने 12 तथा विजय ने 11 रन बनाए। गेंदबाजी करते हुए बीना की टीम के खिलाड़ी कप्तान बिल्लू तिवारी व जितेंद्र सिंह को दो-दो विकेट मिले। संजय कुमार व सुहैल ने एक-एक विकेट हासिल किया। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने के लिए उतरी बीना की टीम 18.2 ओवर में अपने सात विकेट खोकर जीत के निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया। बीना के बल्लेबाजों में संजय कुमार ने चार छक्के व नौ चौके लगते हुए सर्वाधिक 80 रनों की पारी खेली। इसके अलावा विजय प्रजापति ने तीन-तीन छक्का चौका लगते हुए 32, धीरज ने दो छक्का और तीन चौकों की मदद से 25 तथा अमित ने तीन चौकों की मदद से 12 रन बनाए।
हिंडाल्को की तरफ से गेंदबाजी करते हुए अभिषेक ने दो, संजय, कप्तान जीएनसिंह व पंकज यादव ने एक-एक विकेट हासिल किया। मैच में सर्वाधिक स्कोर बनाने वाले बीना के खिलाड़ी संजय को मैन ऑफ द मैच घोषित कर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी रामसमुख द्वारा पुरस्कृत किया गया। मैच के अंपायर नागेंद्र राज व रितेश जायसवाल रहे। कमेंट्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मोहम्मद शमीम अंसारी व सुनील जायसवाल ने निभाई। स्कोरर अयाज खान, अयाज खान तथा निशांत मोहन रहे। प्रतियोगिता का पांचवा मैच रविवार को अनपरा और रांची के बीच खेला जाएगा।
डीडीयू रेलवे ने डॉ एचपी सिंह एकेडमी को 6 विकेटों से हराकर किया क्वार्टर फाइनल में प्रवेश
दुद्धी, सोनभद्र- युवा खिलाड़ियों से लबरेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे की टीम ने शुक्रवार को लगातार अपना दूसरा मैच जीतते हुए क्वार्टर फाइनल चक्र में प्रवेश कर लिया। पहले दिन वृहस्पतिवार को जहां भोजपुर बिहार को 6 विकेट से हराया, वहीं प्रतियोगिता के तीसरे मैच में डॉ एचपी सिंह क्रिकेट एकाडमी की टीम को भी 6 विकेटों से ही हराकर शानदार तरीके से क्वाटर फाईनल चक्र में प्रवेश कर लिया। मैच की बावत जानकारी देते हुए मेजबान टीम के कप्तान रजतराज ने बताया कि मैच का टॉस रेलवे टीम के कप्तान योगेश राना ने जीता और पिच की नमी को भांपते हुए पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
बल्लेबाजी करते हुए रॉबर्ट्सगंज की टीम 19.1 ओवर में 125 रन बनाते-बनाते आल आउट हो गई। जिसमें सूर्यांश ने सात चौकों की मदद से सर्वाधिक 37 रनों की पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में रोहित ने दो छक्के लगाते हुए 22, धनंजय ने तीन चौके की मदद से 20 व प्रदीप ने एक छक्का और एक चौका जड़ते हुए 12 रन बनाए। रेलवे की तरफ से गेंदबाजी करते हुए मोहम्मद आकीफ ने अपने निर्धारित चार ओवरों के कोटे में मात्र 16 रन खर्च कर तीन खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके अलावा अजमल अली व अश्विन को दो-दो विकेट मिला। दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरी रेलवे की टीम मात्र 15.3 ओवर में ही अपने चार विकेट खोकर जीत के निर्धारित टारगेट को पूरा कर लिया।
उद्घाटक बल्लेबाज जीत पटेल ने दो छक्के और छह चौकों की मदद से सर्वाधिक 58 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा मो. आक़िफ़ ने चार चौके की मदद से 25 रन, दिलीप यादव ने दो छक्का और दो चौके की मदद से 23 रन व अश्विन ने एक छक्का लगाते हुए नाबाद 11 रन बनाए। गेंदबाजी करते हुए राबर्ट्सगंज के सुभाष ने अपने निर्धारित चार ओवरों के कोटे में 26 रन देकर दो तथा अखिलेश 3 ओवर में 26 रन देकर 2 खिलाड़ियों को आउट किया। रोहित को भी एक विकेट मिला। मैच में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रेलवे की टीम के उद्घाटन बल्लेबाज जीत पटेल को मैन ऑफ द मैच घोषित कर रामानुज दुबे के द्वारा पुरस्कृत किया गया।
मैच के निर्णायक रितेश व अनुराग रहे। कमेंट्री मु. शमीम अंसारी व सुनील जायसवाल ने किया। स्कोरिंग अयाज व निशांत मोहन ने किया। प्रतियोगिता का चौथा मैच हिंडालको व बीना के बीच शनिवार को खेला जाएगा।



