
37वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का राज्य मंत्री ने किया उद्घाटन
मैत्रीपूर्ण उद्घाटन मैच में शिक्षा विभाग ने लहराया अपना मरचम
दुद्धी, सोनभद्र : स्थानीय टाऊन क्लब क्रीड़ांगन पर मंगलवार को 37 वें अन्तर्राज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ समाज कल्याण व अनुसूचित जाति जनजाति विकास विभाग राज्यमंत्री संजीव गोंड ने फीता काटकर व बल्ला खेलकर किया। समारोह को सम्बोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री श्री गोंड़ ने कहा कि यहां खेल के प्रति लोगों में अच्छी रुझान देखने को मिलती है। इस क्षेत्र के खेल व खिलाड़ियों में प्रोत्साहन के लिए पूरा योगदान देकर, होनहार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का काम किया जायेगा।उन्होंने कहा कि विगत 37 वर्षों से भव्य अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और आयोजन कमेटी बधाई का पात्र है।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग बनाम शिक्षा विभाग के बीच खेले जाने वाले मैत्रीपूर्ण उद्घाटन मैच में दोनों टीमों के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दोनों टीमों को बधाई दी। उद्घाटन मैच में शिक्षा विभाग ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को पराजित कर जीत मैत्रीपूर्ण मैच का खिताब अपने नाम कर लिया। नगर चेयरमैन कमलेश मोहन ने कहा कि दुद्धी खेल कुम्भ की नगरी है। यहां के लोगों का खेल से अगाध प्रेम रहा है। वर्षभर में खेल के कई आयोजन होते हैं।जिनमें नगर पंचायत बढ़-चढ़कर अपना योगदान देती है। उन्होंने आयोजक मंडल एवं खिलाड़ियों का आभार जताते हुए हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। अंत मे विजेता टीम शिक्षा विभाग को चेयरमैन कमलेश मोहन ने विनर कप और व्यक्तिगत पुरस्कार से सम्मानित किया। वहीं उपविजेता टीम स्वास्थ्य विभाग को क्रय विक्रय दुद्धी के चेयरमैन आशीष तिवारी विक्की ने रनर कप व व्यक्तिगत पुरस्कार से सम्मानित किया। संचालन वरिष्ठ खिलाड़ी मु.शमीम अंसारी व सुनील जायसवाल ने किया।
इस दौरान विशिष्ट अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, ब्लाक प्रमुख मान सिंह गोंड, खण्ड शिक्षाधिकारी महेंद्र मौर्या,कोतवाल नागेश सिंह रघुवंशी, पूर्व अध्यक्ष गोपाल दास जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य बघाडू जुबेर आलम, चुर्क मोहन कुशवाहा, सिविल बार अध्यक्ष रामलोचन तिवारी, बार अध्यक्ष रामपाल जौहरी, टाउन क्रिकेट टीम के अध्यक्ष जबी खान, सचिव अंकुर बच्चन, वरिष्ठ समाजसेवी ओमप्रकाश शर्मा, शासकीय अधिवक्ता दिनेश अग्रहरि, रवींद्र जायसवाल, भाजपा नेता सुरेंद्र अग्रहरि, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष सुमित सोनी, डॉ गौरव सिंह, रामशंकर गोंड, कप्तान रजतराज, ईओ रामसमुख सहित टाऊन क्रिकेट क्लब टीम के पदाधिकारी जन उपस्थित रहे।



