
पटना । राष्ट्रीय लोक जनता दल सुप्रीमो व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब प्रधानमंत्री मटेरियल नहीं हैं। एक वक्त उनके पास अवसर था, तब उन्होंने खो दिया। अपने पैर में कुल्हाड़ी मार ली। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जब हमने उनसे पहली बार पीएम मटेरियल बताया था, तब उनमें वह क्षमता थी, लेकिन जब से वह पलटी मार राजनीति की ओर बढ़े और लालटेन छाप को अपनाया, उसके बाद से उनकी दुर्गति हो रही है। दरअसल, उपेंद्र कुशवाहा मुजफ्फरपुर आए थे, यहां उन्होंने मधुबनी रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत की।
सही मौक़े पर सब छोड़ देंगे साथ
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश के पास अब कोई राजनीति पूंजी नहीं है। उनके पास जो भी सांसद, विधायक या पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं, वे सब समय का इंतजार कर रहे हैं। मीडिया वाले भी समय को देखें, जब मुहूर्त होगा। सब लोग बारी-बारी से निकल जाएंगे। इतना ही नहीं, उपेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया कि जब से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महागठबंधन के साथ गए हैं, तब से बिहार की दुर्गति करा रहे हैं। राज्य में विधि व्यवस्था फेल है। बिहार को देखने वाला कोई नहीं है। हर बीतते दिन के साथ हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।
कुशवाहा ने सीएम से अपील की कि अगर उनके अंदर थोड़ा सा भी पुराना नीतीश कुमार जिंदा बचा हो तो बिहार को बचा लें। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री नीतीश कहा करते थे कि भ्रष्टाचार से कोई समझौता नहीं होगा। उसी भ्रष्टाचार के कारण वह गठबंधन तोड़कर अलग हुए थे। अब तो फिर एक बार राजद पर भ्रष्टाचार का आरोप लग रहा है। अब देखने की बात यह है कि अब वह क्या कदम उठाएंगे।
शराबबंदी को बताया खून चूसने वाला
उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार के शराबबंदी कानून पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून गरीबों का खून चूसने का हथियार बनकर रह गया है। इस कानून के जरिए गरीबों को तबाह किया जा रहा है। पदाधिकारी मालामाल हो रहे, इसलिए इस कानून का कोई औचित्य नहीं है।(वीएनएस)



