Business

पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी, डेढ़ साल बाद जनता को महंगाई का झटका

पश्चिम एशिया संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने डेढ़ साल बाद पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। दिल्ली में पेट्रोल तीन रुपये बढ़कर 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं, आईजीएल ने दिल्ली समेत कई शहरों में सीएनजी के दाम दो रुपये प्रति किलो बढ़ा दिए हैं, जिससे आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा।

नयी दिल्ली : तेल विपणन कंपनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों में सीएनजी भी महंगी हो गया है।देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से गैर-ब्रांडेड डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। पहले इसकी कीमत 87.67 रुपये प्रति लीटर थी। इसी प्रकार एक लीटर पेट्रोल की कीमत तीन रुपये बढ़ाकर 97.77 रुपये कर दी गयी है।

डेढ़ साल में पहली बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाये गये हैं। पिछली बार 30 अक्टूबर 2024 को दोनों जीवाश्म ईंधनों के दाम बढ़ाये गये थे।राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के शहरों में गैस की आपूर्ति करने वाली इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने भी आज से सीएनजी के दाम दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाने की घोषणा की है। दिल्ली में एक किलोग्राम सीएनजी 79.09 रुपये का हो गया है। पहले इसकी कीमत 77.09 रुपये थी।दिल्ली के साथ ही आईजीएल ने नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, गुरुग्राम, रेवाड़ी, करनाल, कैथल, कानपुर, हमीरपुर, फतेहपुर, अजमेर पाली, राजसमंद, महोबा, बांदा, चित्रकूट, हापुर, गौतमबुद्धनगर और ग्रेटर नोएडा में भी सीएनजी की कीमत दो रुपये बढ़ा दी है।

इससे पहले 01 अप्रैल से आईजीएल ने पीएनजी की कीमतों में 1.70 रुपये प्रति मानक घन मीटर की वृद्धि की थी।पश्चिम एशिया संकट के कारण अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने से तेल विपणन कंपनियों पर पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ाने का दबाव था। केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10-10 रुपये प्रति लीटर की कटौती करके तेल विपणन कंपनियों को राहत दी थी।इंडियन ऑयल ने दिल्ली में अपने ब्रांडेड (प्रीमियम) पेट्रोल एक्सपी95 की कीमत 2.99 रुपये बढ़ाकर 104.88 रुपये प्रति लीटर और ब्रांडेड डीजल एक्सजी की कीमत तीन रुपये बढ़ाकर 95.95 रुपये प्रति लीटर कर दी है।गत 28 फरवरी को पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद ब्रांडेड डीजल की कीमत दूसरी बार बढ़ाई गयी है। इससे पहले मार्च में इसमें दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गयी थी।

दूसरे शहरों में भी कीमतों में लगभग इसी तरह की बढ़ोतरी की गयी है, हालांकि वैट और लॉजिस्टिक्स लागत में अंतर के कारण कीमत वृद्धि में कुछ अंतर होता है।मुंबई में पेट्रोल 3.14 रुपये महंगा होकर आज से 106.68 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया। देश की वाणिज्यिक राजधानी में एक लीटर डीजल अब 93.14 रुपये का मिल रहा है। पहले इसकी कीमत 90.03 रुपये थी। इस प्रकार इसकी कीमत 3.11 रुपये बढ़ी है।कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 3.29 रुपये बढ़कर 108.74 रुपये और चेन्नई में 2.83 रुपये बढ़कर 103.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। डीजल कोलकाता में 3.11 रुपये और चेन्नई में 2.86 रुपये महंगा हुआ है। इसकी कीमत आज से क्रमशः 95.13 रुपये और 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गयी है। (वार्ता)

केरल में समय से पहले दस्तक देगा मानसून, 26 मई के आसपास पहुंचने का अनुमान

उन्नाव रेप केस में कुलदीप सेंगर को बड़ा झटका, सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की जमानत

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button