Politics

ये गुगली नहीं ये रॉबरी है, फिर से पार्टी को करूंगा खड़ा : शरद पवार

कुछ ही दिनों में महाराष्ट्र को एक और मुख्यमंत्री मिल जाएगा: संजय राउत

मुंबई । राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि मैंने 6 जुलाई को सभी नेताओं की एक बैठक बुलाई थी जहां कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी थी। इस दौरान बैठक में पार्टी के भीतर कुछ बदलाव किए जाने थे, लेकिन उससे पहले ही कुछ नेताओं ने अपना अलग रुख अपना लिया। उन्होंने अजित पवार के महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद रविवार को यह बात कही।

उन्होंने कहा कि ये गुगली नहीं है, ये रॉबरी है। ये छोटी बात नहीं है। एनसीपी प्रमुख ने कहा कि कल पार्टी नेताओं की एक बैठक बुलाई है, जिसमें हम इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। 1980 में मैं जिस पार्टी का नेतृत्व कर रहा था, उसके 58 विधायक थे, बाद में सभी चले गए और केवल 6 विधायक बचे, लेकिन मैंने संख्या को मजबूत किया और जिन्होंने मुझे छोड़ा वे अपने निर्वाचन क्षेत्रों में हार गए।

शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र के घटनाक्रम के बाद कई नेताओं का फोन आया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अन्य लोगों ने मुझे फोन किया है। मुझे बहुत से लोगों के लगातार फोन आ रहे हैं। पवार ने कहा कि आज जो कुछ भी हुआ मुझे उसकी चिंता नहीं है। मैं सोमवार को महाराष्ट्र के पूर्व सीएम वाईबी चव्हाण का आशीर्वाद लूंगा और एक सार्वजनिक बैठक करूंगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि एनसीपी खत्म हो चुकी पार्टी है। इस दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र भी किया था। मुझे खुशी है कि मेरे कुछ साथियों ने आज शपथ ली है। उनका महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने से यह स्पष्ट है कि वे सभी आरोप मुक्त हो गए हैं।

फिर से पार्टी को करूंगा खड़ा

अजित पवार की बगावत के बाद शरद पवार ने कहा कि मैं फिर पार्टी खड़ी करके दिखाऊंगा। उन्होंने कहा कि मेरे साथ यह पहले भी हो चुका है, लेकिन मैं इससे डरता नहीं और न ही मुझे इससे फर्क पड़ता है। साल 1980 में मैं जिस पार्टी का नेतृत्व कर रहा था, उसके 58 विधायक थे, बाद में सभी चले गए और केवल 6 विधायक बचे, लेकिन मैंने संख्या को मजबूत किया और जिन्होंने मुझे छोड़ा वे अपने निर्वाचन क्षेत्रों में हार गए। अजित पवार के महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने पर शरद पवार ने कहा कि आज जो हुआ वह कोई नई बात नहीं है।

खुद को बताया पार्टी का प्रमुख चेहरा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनसे पूछा गया कि पार्टी का विश्वसनीय चेहरा कौन होगा, तो उन्होंने अपना हाथ उठाया और कहा “शरद पवार”। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के बारे में फैसला करना स्पीकर का अधिकार है। अगले दो-तीन दिनों में स्थिति का आकलन करने के लिए हम कांग्रेस और उद्धव ठाकरे के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि हमारी मुख्य ताकत आम लोग हैं, उन्होंने हमें चुना है।

कुछ ही दिनों में महाराष्ट्र को एक और मुख्यमंत्री मिल जाएगा: संजय राउत

एनसीपी नेता अजीत पवार ने अपने समर्थित विधायकों के साथ रविवार को एकनाथ शिंदे गुट का दामन थाम लिया। उन्हें उप मुख्यमंत्री बना दिया गया है। इस राजनीतिक उलटफेर के बीच शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पहले ही चल रही थी और इसके बारे में हमें जानकारी थी। एकनाथ शिंदे के ऊपर जो डिस्क्वालिफिकेशन की तलवार लटक रही थी वो जल्द ही गिरने वाली है।

राउत ने कहा कि इस बारे में मैंने पहले भी कहा था कि यह हो सकता है। एकनाथ शिंदे के ऊपर जो डिस्क्वालिफिकेशन की तलवार लटक रही थी वो जल्द ही गिरने वाली है। उनके साथ 16 विधायक जो गए थे वे डिस्क्वालिफाई हो जाएंगे। अभी कुछ दिनों में महाराष्ट्र को एक और नया मुख्यमंत्री मिलेगा।उन्होंने कहा कि कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार अपनी पार्टी में टूट से विचलित नहीं हैं और नये सिरे से शुरुआत कर सकते हैं।

राउत ने एक ट्वीट में कहा कि मैंने अभी राकांपा प्रमुख शरद पवार से बात की। उन्होंने कहा कि वह दृढ़ हैं और लोगों का समर्थन हमारे साथ है। हम उद्धव ठाकरे के साथ एक नई शुरुआत कर सकते हैं। राकांपा नेता अजित पवार, मुख्यमंत्री शिंदे और भारतीय जनता पार्टी के स्पष्ट संदर्भ में राउत ने कहा कि ऐसा लगता है कि कुछ लोग महाराष्ट्र की राजनीति को पूरी तरह से खराब करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्हें उनके चुने हुए रास्ते पर आगे बढ़ने दें।मालूम हो कि महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। एनसीपी के बड़े नेता अजित पवार अपने 40 समर्थक विधायकों के साथ शिंदे सरकार में शामिल हो गए हैं। अजित पवार ने एक बार फिर पार्टी से बगावत करते हुए डिप्टी सीएम की शपथ ले ली है।(वीएनएस)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button