NationalVaranasi

अब भारत में पीओके का विलय चाहते हैं वहां के लोग: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी और केंद्रीय कृषि एवं कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने 1,212 करोड़ रुपए की 2,339 विकास परियोजनाओं का लोकर्पण और शिलान्यास किया.

  • बोले सीएम योगी- प्रधानमंत्री मोदी के नौ साल भारत के इतिहास के लिए बेमिसाल
  • सीएम योगी ने कहा- अपने कर्मों की सजा भुगत रहा है पाकिस्तान
  • पहले सपना हुआ करता था, आज वह हकीकत है: सीएम योगी

अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक तरफ जहां भारत से अलग हुआ पाकिस्तान अपने कर्मों की सजा भुगत रहा है। उसके नागरिक भूख से मर रहे हैं। वहां एक किलो आटा के लिए छीना झपटी मची हुई है। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के लोग पाकिस्तान के साथ नहीं रहना चाहते हैं। वहां के लोग मांग कर रहे हैं पीओके का विलय भारत में हो जाए। वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक नई यात्रा की ओर आगे बढ़ चुका है।

आज दुनिया में जब भी कोई संकट आता है तो पूरा विश्व आशा भरी निगाहों से भारत की तरफ देखता है। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले तक यही भारत आतंकवाद, नक्सलवाद और माओवाद से ग्रसित था। आज कोई भी दुश्मन भारत की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकता है। देश के 15-18 जिलों में फैला माओवाद और नक्सलवाद अब 3-4 जनपदों तक सीमित रह गया है। भारत की धरती से बहुत ही जल्द माओवाद और नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त हो जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के नौ साल भारत के इतिहास के लिए बेमिसाल हैं।

सीएम योगी ने मंगलवार को केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के साथ अंबेडकरनगर पहुंचे। इस दौरान दोनों ने 1,212 करोड़ रुपए की 2,339 विकास परियोजनाओं का लोकर्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के विकास के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा। इसके लिए आवश्यक होगा हम गांव की इकाइयों को भी छुएं। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है। कल इस अवसर पर दुनिया भारत की ऋषी परंपरा के प्रति अपना आभार व्यक्त करेगी आप सब भी अपने अमृत सरोवर, पंचायत भवन, ग्राम सचिवालय या किसी भी सार्वजनिक स्थल पर प्रातः योगाभ्यास करें और योग को आम जन तक पहुंचाने का कार्य करें। यह हम सबकी जिम्मेदारी बनती है।

सीएम योगी ने कहा कि अब समय आ गया है नए भारत के निर्माण के लिए, जाति, मत और मजहब से ऊपर उठकर राष्ट्र प्रथम के लिए कार्य करें। पहले हम देश के बारे में सोचें। हमारा देश सुरक्षित रहेगा तो हम भी सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि परिवारवाद, जातिवाद, तुष्टीकरण और भाई-भतीजावाद की राजनीति करते हैं वह देश का हित नहीं कर सकते हैं। देश का हित करने के लिए जज्बा चाहिए। त्याग चाहिए। बलिदान की भावना चाहिए। राष्ट्र के प्रति संपूर्ण समर्पण का भाव होना चाहिए। विरासत के प्रति सम्मान का भाव होना चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में हर एक को सुरक्षा की गारंटी मिली है। शासन की योजनाएं बिना भेदभाव के सबको उपलब्ध कराई जा रही हैं। हम बिना तुष्टीकरण किए विकास की परियोजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। हमारी सरकार में किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया जा रहा है।

सीएम योगी ने कहा जो पहले सपना हुआ करता था, आज वह हकीकत बन गया है। उसी हकीकत को आगे बढ़ाने के लिए आज हम लोग यहां पर आए हैं। आज यहां कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें सड़क, पंचायती राज, ग्राम सचिवालय के निर्माण, हर घर नल सहित कई परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विरासत का सम्मान हो रहा है। इस कड़ी में काशी विश्वनाथ धाम बनकर तैयार हो गया है। उत्तराखंड में केदारनाथ धाम, मध्य प्रदेश में महाकाल लोक और अयोध्या में प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर के निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। जनवरी 2024 में प्रभु श्री राम अपने मंदिर में विराजमान हो जाएंगे। यह हर भारतवासी के लिए गौरव का क्षण होगा। अयोध्या के विकास का सबसे ज्यादा लाभ अंबेडकरनगर को मिलेगा।

ट्रैक्टर रैली को दिखाई हरी झंडी

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने छह माह से ऊपर के बच्चों अन्नप्राशन कराया। साथ ही एमएसएमई और समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इसके अलावा दोनों नेताओं ने सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना हेतु चार लाख रुपए का अनुदान और ट्रैक्टर रैली को हरी झंडी दिखाई।कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), गिरीश चंद्र यादव, सांसद संत कबीर नगर, प्रवीण कुमार निषाद, विधान परिषद सदस्य, हरिओम पांडे, विधान परिषद सदस्य, ध्रुव कुमार त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button