Business

आरबीआई की सख्त मौद्रिक नीति के संकेत से गिरा शेयर बाजार

मुंबई : रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नीतिगत दरों को यथावत रखने लेकिन महंगाई नियंत्रित करने के लिए आगे मौद्रिक नीति को और सख्त करने के संकेत से हतोत्साहित निवेशकों की चौतरफा बिकवाली के दबाव में आज शेयर बाजार गिर गया।बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 294.32 अंक की गिरावट लेकर 62848.64 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 91.85 अंक उतरकर 18634.55 अंक पर आ गया।

इसी तरह बीएसई का मिडकैप 0.87 प्रतिशत लुढ़ककर 27,510.70 अंक और स्मॉलकैप 0.47 प्रतिशत टूटकर 31,385.13 अंक पर रहा।इस दौरान बीएसई में कुल 3668 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2059 में बिकवाली जबकि 1493 में लिवाली हुई वहीं 116 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी में 38 कंपनियों लाल जबकि शेष 12 हरे निशान पर रही।आरबीआई ने आज चालू वित्त वर्ष की दूसरी द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा में नीतिगत दरों को यथावत रखा लेकिन महंगाई को चार प्रतिशत के लक्षित सीमा से नीचे लाने के लिए आगे मौद्रिक नीति को सख्त बनाने के संकेत दिए।

इससे निवेशधारणा कमजोर हुई और बीएसई 14 समूह के शेयर लुढ़क गए। इस दौरान कमोडिटीज 0.66, सीडी 0.76, ऊर्जा 0.48, एफएमसीजी 0.81, वित्तीय सेवाएं 0.54, हेल्थकेयर 0.93, आईटी 0.88, दूरसंचार 1.06, ऑटो 0.97, बैंकिंग 0.80, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.41, तेल एवं गैस 0.58, रियल्टी 1.51 और टेक समूह के शेयर 0.87 प्रतिशत टूट गया।अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान जर्मनी का डैक्स 0.22, हांगकांग का हैंगसेंग 0.25 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.49 प्रतिशत चढ़ गया जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई 0.15, जापान का निक्केई 0.85 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.18 प्रतिशत गिर गया। (वार्ता)

Related Articles

Back to top button