Politics

देश में तीन सौ और वन स्‍टॉप सेन्‍टर केन्‍द्र स्‍थापित किये जाएंगे : स्मृति ईरानी

मोदी नीत सरकार के कार्यकाल में देश की विकास गाथा गढ़ रही हैं महिलाएं : स्मृति

नयी दिल्ली : केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने गुरुवार को कहा कि नरेंद्र मोदी नीत सरकार के कार्यकाल में महिलाएं सुरक्षित हैं और वे देश की प्रगति और विकास गाथा गढ़ रही हैं।सुश्री ईरानी ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। पिछले नौ वर्षों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि एक समय था जब सरकार कहती थी कि महिलाओं का उत्थान होना चाहिए और अब समय है जब भारत कहता है कि देश के उत्थान के लिए महिलाओं का विकास आवश्यक है।

उन्होंने कहा , “ बीते नौ साल के कार्यकाल में हमारे मंत्रालय ने राज्य सरकारों की अन्य परियोजनाओं के साथ निर्भया फंड के तहत 12 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को आगे बढ़ाया।” मंत्रालय की अन्य पहलों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर देश के हर जिले में महिला सुरक्षा केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में ऐसे 733 केंद्र कार्यरत हैं तथा केंद्र सरकार ने 300 और केंद्र खोलने के लिए बजट सुनिश्चित किया है।

सुश्री ईरानी कहा, “आज हमारे देश में 34 से अधिक ‘महिला हेल्पलाइन’ काम कर रही हैं। हमारा संकल्प है कि हर थाने में महिला हेल्प डेस्क स्थापित की जाए, जिसके तहत अब तक विभिन्न थानों में 13,550 हेल्प डेस्क स्थापित किए जा चुके हैं। अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ और मुंबई जैसे आठ शहरों में ‘सुरक्षित शहर परियोजना’ के लिए धन उपलब्ध कराया गया है। वहीं करीब 800 वन स्टॉप सेंटर स्वीकृत किये गये हैं, जिनमें से कुल 733 केंद्र कार्य कर रहे हैं।

”केंद्रीय मंत्री ने फास्ट-ट्रैक अदालतों के संदर्भ में कहा कि देश में लगभग 1,023 फास्ट ट्रैक अदालत स्थापित किये गये हैं, जिनमें से 418 अदालतें विशेष रूप से पॉस्को अदालतें हैं। वहीं महिलाओं की सुरक्षा के लिए देश में 780 से अधिक जिलेवार ‘एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट’ काम कर रही हैं।उन्होंने कहा कि महिला लाभार्थियों के करीब 27 करोड़ जन धन खातों को होना यह दर्शाता है कि महिलाओं को सशक्त बनाना मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक रही है।

उन्होंने कहा , “ सरकार ने देश की प्रत्येक आंगनवाड़ी को स्मार्ट फोन से जोड़ा है और अब तक 11 लाख स्मार्टफोन वितरित किये जा चुके हैं। हमने पोषण ट्रैकर नामक एक प्रणाली स्थापित की है, जिससे नौ करोड़ से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं।”सुश्री ईरानी ने कांग्रेस पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि खुद को घोषणाओं तक सीमित रखने वाली कांग्रेस सरकार ने महिला सुरक्षा के लिए एक भी ऑपरेशनल प्रोजेक्ट नहीं चलाया। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button