Politics

मुख्यमंत्री पद के लिए किसी को ब्लैकमेल नहीं करूंगा: शिवकुमार

बेंगलुरू : कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने नयी दिल्ली रवाना होने से पहले मंगलवार को कहा कि वह मुख्यमंत्री पद हासिल करने के लिए किसी की पीठ में छुरा नहीं घोंपेंगे और न ही ब्लैकमेल करेंगे।श्री शिवकुमार ने विमान में सवार होने से पहले यहां संवाददाताओं से कहा, “राजनीति में, सब कुछ पर विचार करना पड़ता है। जड़ों के बिना, कोई फल नहीं होता है … हमारा एक संयुक्त घर है, हमारी संख्या 135 है। मैं यहां किसी को विभाजित नहीं करना चाहता। सोनिया गांधी हमारी आदर्श और आलाकमान मुख्यमंत्री का चेहरा तय करेंगे। अगर मैं योग्य हूं, तो वे मुझे जिम्मेदारियां देंगे। वे मुझे पसंद करते हों या नहीं, मैं पार्टी अध्यक्ष और एक जिम्मेदार व्यक्ति हूं। मैं पीठ में छुरा नहीं घोपूंगा और न ही ब्लैकमेल करूंगा क्योंकि मैं गलत इतिहास नहीं रचना चाहता।”

श्री शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। दोनों की निगाहें 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले से इस प्रतिष्ठित पद पर टिकी हैं।दोनों के बीच, श्री शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के बहुत मुखर उम्मीदवार रहे हैं क्योंकि श्री सिद्धारमैया द्वारा अधिक संख्या में विधायकों के समर्थन का दावा करने के बाद वह पार्टी आलाकमान को कड़ा संदेश भेजते रहे हैं।इसके विपरीत, श्री सिद्धारमैया चुप्पी साधे रहे और पत्रकारों से बातचीत नहीं की। वह सोमवार शाम एक विशेष विमान से दिल्ली पहुंचे और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की।श्री शिवकुमार ने कल शाम दिल्ली जाने के लिए टिकट बुक की थी, लेकिन अचानक स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए यात्रा रद्द कर दी, जिससे कयासों को हवा मिली कि पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं है।

इस बीच, कांग्रेस विधायक दल की बैठक की देखरेख के लिए कर्नाटक भेजे गये पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने अपनी रिपोर्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंप दी है। वह कर्नाटक की जातिगत राजनीति की बारीकियों को जानते हुए अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करने के लिए श्रीमती गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी के पाले में गेंद डाल सकते हैं।गौरतलब है कि कांग्रेस 224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आई। पार्टी ने 135 सीटें जीतकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार को बाहर का रास्ता दिखा दिया। पिछले विधानसभा चुनावों में 104 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी भाजपा 2023 के चुनावों में मतदाताओं को लुभाने में विफल रही।

शिवकुमार के दिल्ली पहुंचते ही कांग्रेस में बढ़ी हलचल

कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री पद के दावेदार डीके शिवकुमार के मंगलवार को यहां पहुंचते ही कर्नाटक में मुख्यमंत्री के चयन को लेकर पार्टी में हलचल तेज हो गई है।श्री कुमार को पार्टी नेतृत्व ने सोमवार को बातचीत लिए दिल्ली बुलाया था लेकिन वह स्वास्थ्य खराब होने का हवाला देते हुए नहीं आये। हाईकमान के कहने पर मुख्यमंत्री पद के दूसरे दावेदार श्री सिद्धारमैया कल ही यहां आ गए थे और वह शीर्ष नेताओं घ्के साथ ही पार्टी के अन्य नेताओं से भी बात कर रहे है।श्री शिवकुमार के दिल्ली पहुंचने के साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस मुद्दे पर चर्चा के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पहुंच गये।

समझा जाता है कि श्री शिवकुमार अध्यक्ष के आवास पर दोनों नेताओं से वार्ता करेंगे।कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष ने दिल्ली रवाना होने से पहले बेंगलुरु में कहा कि पार्टी के समक्ष आम चुनाव में कर्नाटक से लोकसभा की 20 सीटों पर विजय हासिल करने की चुनौती है। उनका यह भी कहना था कि कर्नाटक कांग्रेस एकजुट है और सभी मिलकर पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे।इस बीच कर्नाटक के वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद ने कहा कि विधायक दल के चुनाव को लेकर नवनिर्वाचित विधायकों की राय जानने बेंगलुरु गए केंद्रीय पर्यवेक्षकों की टीम ने अपनी रिपोर्ट आलाकमान को सौंप दी है और उसी के आधार पर नये मुख्यमंत्री का चुनाव होना है।गौरतलब है कि कांग्रेस विधायक दल ने रविवार को पार्टी अध्यक्ष को नए नेता के चुनाव के लिए अधिकृत किया था।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button