
बलरामपुर : उत्तर प्रदेश में बलरामपुर जिले के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में पति -पत्नी सहित छह लोगों की मौत हो गयी।
अपर पुलिस अधीक्षक नम्रता श्रीवास्तव ने बताया कि बलरामपुर उतरौला मार्ग पर ग़ालिबपुर गांव के पास आज सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के कार में सवार सभी सदस्यों की मौत हो गयी। सोनू साहू अपने परिवार के अन्य पांच लोगों के साथ कार से नैनीताल से वापस देवरिया जिले में स्थित अपने घर जा रहे थे कि अचानक बलरामपुर उतरौला मार्ग पर ग़ालिबपुर गांव के पास सामने से आ रही अनियंत्रित ट्रक से कार की भिड़ंत हो गयी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार भी बहुत अधिक थी ।अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्घटना में कार में सवार पति पत्नी व चार बच्चों की मृत्यु हो गयी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ट्रक चालक की तलाश में पुलिस जुटी है।अन्य मृतकों की पहचान करायी जा रही है।(वार्ता)
मुख्यमंत्री ने जनपद बलरामपुर में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बलरामपुर में हुए सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री जी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमन्त्री द्वारा मृतकों के परिजनों को दो लाख प्रति मृतक की आर्थिक सहायता अविलंब प्रदान करने के भी निर्देश दिये गये



