
तरना,वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के पंचकोशी रोड निवासी डॉक्टर किशोर कुमार सिंह के क्लिनिक को चोरो ने सोमवार की देर शाम निशाना बनाया और करीब पांच लाख नकदी चोरी कर लिया। किशोर सिंह ये पैसे अपनी बेटी की शादी के लिए जुटाये थे। पीड़ित ने शिवपुर थाने में तहरीर दी।
डॉ.किशोर सिंह का पंचकोशी रोड स्थित घर है और घर में ही क्लिनिक का संचालन करते है। सोमवार की शाम करीब सात बजे किसी काम से वह चेतगंज आये थे और उनकी बेटी स्कूटी से मार्केटिंग के लिए निकली थी। शाम 7.30 बजे उनका पुत्र संदीप सिंह जब वापस आया तो देखा कि दरवाजा खुला है।
क्लिनिक में रखा सामान बिखरा पड़ा था और काउंटर का ताला तोड़ कर चोर काउन्टर में रखा लगभग 5 लाख रुपया, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, डाकखाने का पासबुक एवं एफडी के कागजात उठा ले गए। डॉक्टर ने बताया कि छह मई को उनके पुत्री की शादी है, शादी के लिए सामान खरीदने के लिए रुपया रखा था जिसे चोर उठा ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



