
वाराणसी। डीसीपी गोमती जोन विक्रांत वीर ने सोमवार पुलिस कार्यालय बाबतपुर में अपराध समीक्षा बैठक व सैनिक सम्मेलन किया। सैनिक सम्मेलन में उपस्थित अधिकारी और कर्मचारियों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया।
वहीं दूसरी तरफ समस्त थाना प्रभारियों व आईजीआरएस मुंशी के साथ अपराध समीक्षा बैठक हुई। जोन में लम्बित आईजीआरएस/प्रार्थना पत्र, हत्या, लूट, डकैती, चोरी, नकबजनी व महिला सम्बन्धी अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गयी। आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों को भौतिक सत्यापन करते हुए समयबद्धता, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए कहा गया। चोरी, लूट, नकबजनी व महिला सम्बन्धी अपराधो (पॉक्सो अधिनियम) को वरीयता के आधार पर निस्तारण करने तथा संलिप्त अपराधियो के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
पेशेवर अभियुक्तों के विरुद्ध गुण्डा व गैंगेस्टर की कार्यवाही व जेल से छुटे अपराधियों की निगरानी बनाये रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में ये भी सामने आया कि विद्यालयों और स्कूलों के बच्चों द्वारा गैंग बनाकर बदमाशी की जा रही है ऐसे में उनपर नजर बनाने और उनके अभिभावकों को संज्ञान में लाने के लिए कहा गया।



