- भाजपा पीएम के आगमन के पूर्व 21-22-23 मार्च को वार्ड स्तर पर चलाएगी स्वच्छता अभियान
- पीएम मोदी के काशी दौरे के पूर्व 21-22-23 मार्च को भाजपा के सभी सातों मोर्चे वाहन जुलूस के माध्यम से करेंगे जन-जागरण
वाराणसी : प्रधानमंत्री एवं काशी के सांसद नरेन्द्र मोदी के 24 मार्च को प्रस्तावित काशी दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आज गुरुवार को रोहनिया स्थित काशी क्षेत्र मुख्यालय पर बैठक की। क्षेत्र अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में मंत्री,जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा ने कहा कि काशी एक बार फिर विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता का स्वागत करने के लिए तैयार है उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हमेशा की तरह काशी के लिए कुछ न कुछ नयी सौगात लेकर आते है,इस बार भी मोदी जी लगभग 1800 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
श्री ओझा ने कहा कि स्वच्छता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है और हर बार की तरह पीएम मोदी के वाराणसी आगमन के पूर्व पार्टी व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाती है इस बार पीएम के आगमन के पूर्व 22 मार्च से चैत्र नवरात्र भी प्रारंभ हो रहा है इसलिए पार्टी ने तय किया है कि 21-22-23 मार्च को भाजपा जनजागरण हेतु महानगर के सभी वार्डो में सुबह 7 से 9 बजे तक स्वच्छता अभियान चलाएगी इस निमित्त वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीम बनायी जा रही है। श्री ओझा ने कहा कि काशी प्रवास के दौरान पीएम मोदी के यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख चौराहों पर साज-सज्ज़ा और स्वागत की जिम्मेदारी जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों को सौंपी गयी है, जहां ढोल नगाड़े के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पीएम का जोरदार स्वागत किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने कहा कि 24 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में प्रस्तावित जनसभा को लेकर पार्टी ने व्यापक योजना बनाई है जिसके तहत संगठन के सभी सातों मोर्चे जिनमें युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा शामिल हैं,यह मोर्चे 21-22-23 मार्च को वाहन जुलूस के माध्यम से जनजागरण अभियान चलाएंगे ये वाहन जुलूस शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों से होकर गुजरेंगे।
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी की सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में प्रस्तावित जनसभा की व्यवस्था में लगे व्यवस्था प्रमुख अपनी अपनी टोली बना लें और कार्यक्रम होने तक अपनी टीम के साथ नियमित बैठकें करे, साथ ही व्यवस्था में लगी अन्य टीमों के साथ सामंजस्य स्थापित करे एवं व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई कमी ना रह पाए इसका विशेष ध्यान रखें।बैठक में पीएम मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न विभागों के अनुभवी कार्यकर्ताओ की टीम बनाई गई है।बैठक का संचालन महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने व धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया ने किया।
बैठक में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मोर्या, क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल, पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह,प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, उदयप्रताप सिंह “पप्पू”, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, जगदीश त्रिपाठी, संजय सोनकर, अशोक पटेल, आत्मा विश्वेश्वर, प्रभात सिंह, अरविंद पटेल, अभिषेक मिश्रा, कुसुम पटेल, विनिता सिंह, सुशील गुप्ता, जेपी सिंह, महेंद्र सिंह गौतम, विजय गुप्ता, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



