सड़क दुर्घटना में भांजे की मौत के बाद मामी ने भी तोड़ा दम
शहर में इलाज के लिए आये थे सभी, कार चालक की तलाश
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के जंसा कस्बा में शुक्रवार को देर रात हुई सड़क दुर्घटना में भांजे सुहेल अहमद की मौत हो गई थी। वहीं दुर्घटना में घायल मामी साबिया खातून (35) ने भी इलाज के दौरान शनिवार को दम तोड़ दिया। साबिया का इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा था।
जानकारी के शुक्रवार को गोराई निवासी सुहेल अहमद अपनी मामी साबिया खातून और दो बच्चों को लेकर शहर में इलाज के लिए आया था। यहां से लौटते वक्त जंसा स्थित एक बाइक एजेंसी के सामने दूसरी दिशा से आ रही कार ने टक्कर मार दी। घटना स्थल पर ही सुहेल की मौत हो गयी जबकि बाइक पर बैठी मामी साबिया और दो बच्ची गंभीर रूप से घायल हुए।
पुलिस ने सभी को ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया था। शनिवार को इलाज के दौरान साबिया खातून की मौत हो गई। एक ही परिवार में हुई भांजे और मामी की मौत से गांव में सन्नाटा छा गया वहीं परिवार में कोहराम मचा है। साबिया का पति चालक है और इसी पेशे से परिवार का भरण पोषण करता है। कार चालक की पुलिस तलाश कर रही है।



