सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के गंगोह क्षेत्र के बिलासपुर गांव में सात वर्षीय एक किशोर को एक कुत्ते के नोचने के कारण मौत होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।छोटे बच्चों के लिए आवारा और हिंसक कुत्ते जानलेवा साबित हो रहे हैं। अभी तक सहारनपुर जिले में कुत्ते 10 लोगों की जान ले चुके हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले चार अप्रैल 2022 को चिलकाना के गांव बुड्ढाखेडा में पांच वर्षीय बालिका शिफा और आठ अप्रैल को तीतरो थाने के गांव झाडवन में दो वर्षीय मासूम बच्ची की आवारा कुत्तों ने जान ले ली थी। उसी महीने में चिलकाना से नल्हेडा अपने गांव जा रही साहिबा पर कुत्तों के झुंड ने हमला बोलकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
इससे पूर्व 15 दिसंबर 2021 को मिर्जापुर के सिकंदरपुर में और उसी साल 10 अगस्त को नागल थाने के गांव नंदपुर में कुत्तों ने मासूमों को नोंचकर मार डाला था। उसी वर्ष 21 जून को थाना बेहट के दयालपुर गांव में कुत्तों ने 28 दिन के मासूम बच्चे और 29 जून को इसी गांव के तीन माह की बच्ची की जान ले ली थी।(वार्ता)



