NationalVaranasi

रविदास घाट पर बनेगा दूसरा सीएनजी टर्मिनल: पुरी

नयी दिल्ली : केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने रविवार को कहा कि गंगा किनारे दूसरा सीएनजी टर्मिनल वाराणसी के रविदास घाट पर बनेगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार से जमीन सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी होते ही पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से कार्य शुरू कर दिया जाएगा।श्री पुरी पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के द्वारा काशी के नमो घाट पर आयोजित सीएनजी वोट रैली में हिस्सा लेने आए हैं।

उन्होंने कहा कि “इंडिया एनर्जी वीक 2023” का आयोजन भारत के जी-20 की अध्यक्षता के दौरान बेंगलुरु में आगामी 06-08 फरवरी तक “ग्रोथ, कोलैबोरेशन, ट्रांजिशन” विषय के अंतर्गत किया जा रहा है। इसी के तहत लोगों को ऊर्जा और सीएनजी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वाराणसी में सीएनजी बोट रैली का आयोजन किया गया है।केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में वाराणसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के तहत अपने स्वर्ण युग का पुनरुत्थान देखा है। काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर और वाराणसी के विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक घाटों के जीर्णोद्धार और विकास जैसे अभूतपूर्व प्रयासों ने हमारी विरासत और संस्कृति के संबंध और सम्मान के साथ आधुनिक जीवन और पर्यटन के विकास को जोड़ा है।

श्री पुरी ने कहा की वाराणसी के परिवर्तन और ऊर्जा परिवर्तन और ऊर्जा सुरक्षा के लिए भारत की रणनीति के बीच एक समानांतर रेखा खींचने के लिए आभारी हूं। उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री की चाह थी की वाराणसी के नाव डीजल की जगह सीएनजी से चले। आज मुझे यह बताते हुई खुशी हो रही है कि वाराणसी में 580 नावें सीएनजी में तब्दील हो गई है। डीजल की तुलना में सीएनजी अधिक कुशल ईंधन होने के कारण नाविकों के लिए महत्वपूर्ण बचत होती है। सीएनजी डीजल की तुलना में 18 फीसदी ज्यादा माइलेज देती है। नाविक समुदाय ने इसका उपयोग कर अधिक रुपये की बचत की है। उन्होंने कहा कि वाराणसी में नाव अभी सीएनजी से चल रहे हैं। वह समय जल्द दूर नहीं जब यहां की नाव ग्रीन हाइड्रोजन से चलती दिखेगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में विश्वगुरु बनने की दहलीज पर खड़ा है और प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत विजन की बदौलत आजादी के 100वें वर्ष में इसके 26 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की संभावना है। भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए और 2070 तक शुद्ध कार्बन शून्य प्राप्त करने के लिए चार-आयामी रणनीति के माध्यम से कार्य कर रहा है।श्री पुरी ने कहा कि सीएनजी से चलने वाली नावें न केवल वाराणसी आने वाले निवासियों, नाविकों और पर्यटकों के लिए स्वस्थ हवा देती हैं बल्कि यह हमारी पवित्र गंगा नदी और इसके पारिस्थितिकी तंत्र और समुद्री जीवन को डीजल के रिसाव के जोखिम से भी बचाती हैं। सीएनजी इंजन प्रति किलोमीटर चलने पर डीजल संचालित इंजनों की तुलना में 18-20 फीसदी कम कार्बन डाईआक्साइड का उत्सर्जन करता है। इसके परिणामस्वरूप वातावरण में प्रति वर्ष 216 टन कार्बन डाईआक्साइड उत्सर्जन कम हुआ है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीएनजी (घरेलू) कनेक्शन 2014 में 22.28 लाख से बढ़कर 2022 में एक करोड़ से अधिक हो गए हैं। सीजीडी कवर जिलों की संख्या 2014 के 66 की तुलना में नौ गुना से अधिक बढ़कर 2022 में 630 हो गई है। देश में सीएनजी स्टेशनों की संख्या 2014 में 783 से बढ़कर 2022 में 4900 हो गई है। इसी तरह देश के अंदर 2014 में 14 हजार किमी पाइपलाइन का विस्तार था। अभी 23 हजार किमी तक पाइपलाइन का विस्तार हो गया है और आने वाले समय यह आंकड़ा 34 हजार किमी तक ले जाने की योजना है।

कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय पेट्रोलियम राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने कहा कि वाराणसी में गंगा पर यह सीएनजी बोट रैली दुनिया के लिए भारत की संस्कृति, विरासत और ऊर्जा परिवर्तन का प्रदर्शन है। नावों में सी एन जी का उपयोग होने से नाविकों का जीवन स्तर सुधर ही रहा है, साथ मां गंगा के साथ प्रकृति के लिए बेहतर साबित हो रहा है। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री ए के शर्मा ने नावों को सी एन जी में तब्दील करने सहित पेट्रोलियम और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य में किए गए कार्यों के लिए धन्यवाद दिया और भविष्य की योजनाओं के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button