वाराणसी में घटिया निर्माण पर नगर निगम सख्त, दो फर्मों पर 7 लाख का जुर्माना
वाराणसी नगर निगम ने निर्माण कार्यों में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो फर्मों पर कुल सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बड़ा लालपुर सीनियर केयर सेंटर और सारनाथ जोन कार्यालय निर्माण में धीमी प्रगति व घटिया सामग्री मिलने पर सख्त नाराजगी जताई। साथ ही मॉनसून से पहले नालों की गहराई तक सफाई कराने के निर्देश दिए।
वाराणसी : नगर निगम ने शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लिया है । इस क्रम में विकास कार्यों में लापरवाही और घटिया निर्माण को लेकर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित दो फर्मों पर कुल सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि सरकारी धन का दुरुपयोग और गुणवत्ता से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा।
नगर आयुक्त रविवार को सबसे पहले बड़ा लालपुर स्थित निर्माणाधीन सीनियर केयर सेंटर का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। वहां चल रहे निर्माण कार्यों की गति बेहद धीमी पाई गई। जब उन्होंने काम की गुणवत्ता की जांच की, तो वह भी मानक के विपरीत (खराब) मिली। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी फर्म को तत्काल पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर आयुक्त पांडेपुर-पंचकोशी मार्ग पर बन रहे सारनाथ जोन कार्यालय के भवन का जायजा लेने पहुंचे। यहां ठेकेदार की लापरवाही सामने दिखी । कार्य शुरू हुए छह महीने से अधिक का समय बीत चुका था, लेकिन मौके पर मात्र आधा-अधूरा बेसमेंट ही बनाया गया था। यही नहीं, निर्माण में प्रयुक्त हो रही सामग्री की गुणवत्ता भी बेहद घटिया थी। कार्य में इस शिथिलता और घटिया मैटेरियल के लिए नगर आयुक्त ने संबंधित फर्म पर दो लाख रुपये का अर्थदंड ठोक दिया।
नालों की तल्ली झाड़ सफाई के निर्देश, कच्चे नाले को पक्का करने का बनेगा प्रस्ताव
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ऐढ़े (बड़ा लालपुर) में 4.5 किलोमीटर लंबे बड़े कच्चे नाले की सफाई का भी जायजा लिया। उन्होंने इस नाले को भविष्य में पक्का बनाने के लिए जल्द से जल्द प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही पांडेपुर-पंचकोशी मार्ग पर नरोखर नाला और पाल बस्ती नाले के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि मॉनसून से पहले सिल्ट (कीचड़) हटाकर नालों की ‘तल्ली झाड़’ (पूरी गहराई तक) सफाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव, सहायक अभियंता (सिविल) अनूप सिंह, मिथुन कुमार (सहायक अभियंता सिविल सलमान (अवर अभियंता सिविल)निरीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित थे। अवर अभियंता (सिविल) शिव कुमार सरोज एवं संबंधित फर्मों के प्रतिनिधि मौके पर उपस्थित रहे।
8,944 भवन स्वामियों ने उठाया टैक्स में छूट का लाभ
नगर निगम 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर व सीवर कर जमा करने वाले भवन स्वामियों को 10 प्रतिशत की छूट दे रहा है । वही डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का ऑनलाइन टैक्स करने वाले भवन स्वामियों को दो प्रतिशत की अतिरिक्त यानी 12 प्रतिशत की छूट मिल रही है ।
निगम के इस छूट वाले ऑफर का जनता जमकर लाभ उठा रही है। अब तक शहर के कुल 14,294 भवन स्वामियों ने 7.65 करोड़ रुपये का टैक्स जमा कर दिया है। इसमें से 8,944 भवन स्वामियों ने छूट का सीधा लाभ लेते हुए कुल 3.80 करोड़ रुपये राजकोष में जमा किए हैं। टैक्स जमा करने वालों में 5,350 भवन स्वामी ऐसे हैं जिन्होंने निगम की वेबसाइट www.nnvns.org.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम का उपयोग किया है, जबकि 8,944 भवन स्वामियों ने नगर निगम के काउंटर पर आकर सीधे टैक्स का भुगतान किया है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि कार्यकारिणी की मंजूरी के बाद, वर्तमान वित्तीय वर्ष में 7 मई से 15 जुलाई तक शहर के करीब 2.33 लाख भवन स्वामियों को इस छूट का लाभ दिया जा रहा है। वहीं, जिन जागरूक नागरिकों ने 1 अप्रैल से 6 मई के बीच ही अपना टैक्स जमा कर दिया था, उन्हें भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। ऐसे भवन स्वामियों की छूट की राशि को अगले वित्तीय वर्ष के टैक्स में समायोजित कर दिया जाएगा, इसलिए उन्हें अपनी छूट की रकम को लेकर चिंता करने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है।। निगम ने इस बार सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए कई संवेदनशील निर्णय भी लिए हैं।
नगर आयुक्त के मुताबिक, दृष्टिहीन और 80 प्रतिशत से अधिक विकलांगता (दिव्यांगता) वाले भवन स्वामियों का टैक्स पूरी तरह से (100 फीसदी) माफ कर दिया गया है। हालांकि, इस पूर्ण माफी का लाभ उठाने के लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी किया गया दिव्यांगता प्रमाण पत्र निगम कार्यालय में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, देश और समाज के लिए विशेष योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और पद्म अवार्डी नागरिकों को भी सम्मान देते हुए गृहकर, सीवरकर एवं जलकर में 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है।
चंदौली में पहली बार बन रही हाईटेक पुलिस लाइन, जानिए क्या होंगी खास सुविधाएं
मुख्यमंत्री योगी का बड़ा ऐलान, 20 हजार नए शिक्षक और अनुदेशकों की होगी नियुक्ति



