
रामनगर,वाराणसी। रामनगर चौक में स्थित पुलिस बूथ से महज पचास मीटर की दूरी पर 70 वर्षीय बुजुर्ग और रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी के साथ 40 हजार की उच्चकागिरी हो गई।
जानकारी के अनुसार रामेश्वरम पुरी पंचवटी निवासी रेलवे के सेवानिवृत्त महेंद्र नाथ चौबे ने बुधवार को तीन बजे मीरजापुर रोड पर स्थित स्टेट बैंक आॅफ इंडिया से पेंशन के 40 हजार निकाला और बैग में रख कर घर के लिए चले। जैसे ही वह भांग वाली गली में घुसे तभी किसी उचक्के ने उनके कपड़े पर गंदगी फेंक दिया और बोला आपके पीछे गंदा लगा हुआ है।
महेन्द्र चौबे ने चौक पिकेट से मात्र पचास मीटर दूरी पर स्थित एक दुकान पर बैग और पालीथीन रखकर गंदगी साफ करने लगे, तभी उचक्कों ने उनका बैग उड़ा दिया। बुजुर्ग ने जब गन्दगी साफ कर मुड़ कर देखा तो बैग गायब था। बुजुर्ग ने पुलिस बूथ पर तैनात सिपाहियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक का सीसीटीवी खंगालने का आश्वासन देकर महेन्द्र चौबे को वापस घर भेज दिया।



