
दुद्धी,सोनभद्र : नगर पुलिस चौकी से कुछ कदम की दूरी पर स्थित भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह एवं जेवर विक्रेता अभिषेक सोनी के घर में सोमवार/मंगलवार की मध्य रात्रि में घुसे अज्ञात चोरो ने मोबाइल फोन के साथ नगदी एवं चांदी के कुछ जेवर पर हाथ साफ़ कर दिया|मंगलवार को तड़के घटना का खुलासा होने के बाद समूचे नगर में हड़कंप मच गया| अब तक तो बंद गुमटी आदि से छोटी -मोटी चोरियों की बात आती थी,किन्तु अबकी सर्दी का मौसम शुरू होते ही हौसला बुलंद चोर सो रहे लोगों के कमरे में घुस कर घटना को अंजाम देकर निकल जा रहे है| पीड़ित के शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है|
जानकारी के अनुसार भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र प्रताप सिंह के घर में घुसे अज्ञात चोर ने बिस्तर के बगल में रखी मोबाइल,जेब में रखा 35सौ नगदी के साथ चांदी के पायल चुरा लिए| इसी प्रकार वहां से चंद कदम दूर जेवर विक्रेता अभिषेक सोनी के घर में घुसे चोरो ने उसकी दो मोबाइल के साथ जेब में रखा 18 हजार रुपया नगदी उड़ा कर फरार हो गये| पौ फटने के साथ जैसे ही पीड़ितों को चोरी की घटना का एहसास हुआ,वे फ़ौरन पुलिस चौकी इंचार्ज संजय सिंह से घटनाक्रम से अवगत कराते हुए मामले की खुलासा करने की मांग की| इसके साथ सप्ताह भर में चोरी की दूसरी घटना घटित होने के साथ रहवासियों में हड़कंप मच गया| परेशान हाल लोगों ने बताया कि अभी कुछ दिन पूर्व एक आढ़ती के आढत के सामने खड़ी पिकअप वाहन के चोरी होने का खुलासा भी नहीं हुआ था कि दूसरी घटना ने सभी की चिंता बढ़ा दिया| इस बाबत कोतवाल श्रीकांत राय ने कहा कि मोबाईल गायब होने की सूचना मिली है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।



