
असलहा के दम पर सराफा कारोबारी से लूट
65 हज़ार नक़दी समेत 1.40 लाख के ज़ेवरात के लूट की बात आयी सामने
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सराफा कारोबारी से लूट हुई। करीब चार की संख्या में आये बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया और भाग निकले। घटना वाराणसी-आजमगढ मार्ग स्थित सिहुलिया गांव के समीप हुई। मामले की जानकारी होने पर खुद सीपी अशोक मुथा जैन, डीसीपी वरुणा जोन आरती सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और जानकारी इकट्ठा की। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गयी है।
जानकारी के अनुसार जौनपुर ग्राम पतरही निवासी सराफा कारोबारी रमाशंकर सेठ की आभूषण की दुकान चोलापुर थानाक्षेत्र के हाजीपुर गांव के पास है। सोमावार की शाम करीब 5.30 बजे दुकान बंद कर वह घर लौट रहे थे। अभी हाईवे स्थित सिहुलिया गांव के पास पहुंचे ही थी कि बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और असलहा दिखाकर रमाशंकर सेठ की बाइक की डिग्घी में रखे 65 हज़ार और क़रीब 1.40 के आभूषण और पीड़ित की बाइक भी लेकर फरार हो गये।
पीड़ित ने तत्काल लूट की सूचना चोलापुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा और दानगंज चौकी प्रभारी अरुण प्रताप सिंह को दी। मौके पर पहुंची पुलिस घटना के बाबत छानबीन की और बदमाशों की धरपकड़ में जुट गयी। वहीं मौके पर पहुंचे सीपी अशोक मुथा जैन और डीसीपी आरती सिंह ने मामले की जानकारी के साथ ही एक टीम गठित कर बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाया। सीमा क्षेत्रों की पुलिस को वायरलेस पर सूचना दी गयी और चेकिंग का निर्देश दिया गया।



