रीवा : मध्यप्रदेश के रीवा जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के इटौरा गांव में नहर में नहाने गयीं तीन सगी बहनों की डूबने से मौत हो गयी है।पुलिस सूत्रों के अनुसार इटौरा गांव के समीप स्थित एक नहर में तीनों बहनें कल नहाने के लिए गयीं थीं।नहाने के दौरान सबसे छोटी बहन का पैर फिसल गया और वह डूबने लगी, उसे बचाने उससे बड़ी बहन ने प्रयास किया और दोनों डूबने लगीं।
शिवराज ने नहर में डूबने से तीन बच्चियों के असमय निधन पर शोक व्यक्त किया
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा जिले में नहर में डूबने से तीन बच्चियों के असमय निधन पर शोक संवेदना व्यक्त किया है।श्री चौहान ने अपने ट्वीट के माध्यम से कहा कि रीवा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के नहर में नहाने के दौरान कल हुई दुर्घटना में तीन बच्चियों के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ।ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करते हैं।(वार्ता)



