
तहसील दिवस में पहुंचा सामुदायिक हाल व शौचालय निर्माण का विवाद
शुक्रवार को विधायक द्वारा किया गया था शिलान्यास
दुद्धी,सोनभद्र :स्थानीय कचहरी परिसर में पूर्वांचल विकास निधि से बनने वाले सामुदायिक हाल व शौचालय के शिलान्यास का उपजा मामला शनिवार को तहसील दिवस में जा पहुंचा। दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेन्द्र श्रीवास्तव की अगुवाई में पहुंचे दर्जनों अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक रामदुलार गोंड़ द्वारा सामुदायिक हाल व शौचालय निर्माण के लिए किये गये शिलान्यास को गलत ठहराते हुए,निर्माण पर रोक लगाने की मांग की।
तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी आशुतोष दुबे को पत्र सौंपते हुए दुबाए अध्यक्ष ने कहा कि शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे क्षेत्रीय विधायक श्री गोंड़ द्वारा दीवानी न्यायालय के कम्प्यूटर कक्ष के एकल द्वार के निकट उपरोक्त निधि से बनने वाले भवन का शिलापट्ट लगाया जाने लगा। जिसका अधिवक्ताओं ने विरोध किया और कहा कि पूर्व प्रस्तावित स्थल पर यह निर्माण हो। लेकिन अधिवक्ताओं की बात अनसुनी कर, शिलान्यास कर दिया गया।
श्री श्रीवास्तव ने तत्काल प्रभाव से उक्त निर्माण पर रोक लगाने की मांग की। इसके बाद सिविल बार एसोसिएशन के सचिव मनोज मिश्रा की अगुवाई में पहुंचे दर्जनों वकीलों ने शिलान्यास व निर्माण का समर्थन करते हुए कहा कि जिस अधिवक्ता शेड को हटाकर पक्के सामुदायिक हाल का निर्माण किया जाना है, वह शेड जंक लगकर जर्जर हो चुका है। बरसात में पानी टपकने से वकीलों एवं वादकारियों का बैठना मुश्किल है। यह निर्माण किसी खाली सरकारी जमीन पर नही होना है। पुराने शेड के स्थान पर ही किया जाना है।
इस शेड के नीचे दुद्धी व सिविल दोनों बार के अधिवक्ता बैठते हैं। उक्त स्थान पर निर्माण करना वादकारी एवं अधिवक्ता हित में न्यायोचित है। अपर जिलाधिकारी श्री दुबे ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उचित समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रेमचन्द यादव,राकेश श्रीवास्तव,रामपाल जौहरी,कुलभूषण पांडेय,रामेश्वर तिवारी, कैलाश गुप्ता,विष्णुकांत तिवारी,रामजी पांडेय, उमेश चंद,सुखसागर यादव,अंजनी सिंह,मोहर सिंह समेत दर्जनों अधिवक्ता मौजूद रहे।



