Crime

वर्चस्व की जंग: फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत

कोलकाता । कोलकाता से सटे दक्षिण 24 परगना के बारुइपुर में एक बार फिर वर्चस्व की लड़ाई में दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई है। इसमें एक युवक की मौत हो गई है जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। इधर वारदात के बाद नाराज स्थानीय लोगों ने बुधवार सुबह गोली चलाने के आरोपित के घर में आगजनी की है। गोलीबारी की घटना मंगलवार रात 2:00 बजे की है। मृतक की पहचान 48 साल के शज्जाद मंडल के तौर पर हुई है।

पुलिस ने बुधवार सुबह जारी अपने बयान में बताया है कि नवग्राम ग्राम पंचायत के गौड़ा गांव में रात 2:00 बजे के करीब फायरिंग हुई जिसमें शज्जाद की मौत हो गई जबकि सरफुद्दीन लश्कर नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। इधर सुबह के समय नाराज स्थानीय लोगों ने बलाई नाम के मुख्य आरोपित के घर में आग लगाई है। उसके घर में तोड़फोड़ भी की गई। वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभाला । इलाके में पुलिस पिकेट लगाया गया है और गश्ती बढ़ा दी गई है।

हालांकि घटना में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया है कि यहां मेला लगा हुआ था जिसमें उक्त दोनों युवक आए थे।इसी दौरान हुए विवाद में फायरिंग हुई है। दावा किया जा रहा है कि इलाके में वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ।(हि.स.)

 

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button