दो मासूम बहनों के साथ सगे चाचा ने किया दुष्कर्म
रीवा । जिले के लौर थानाक्षेत्र में दो मासूम बहनों के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित सगे चाचा ने 7 वर्ष की बच्ची से 46 दिन पहले और 15 माह की बच्ची के साथ दो दिन तक दुष्कर्म किया। भनक लगते ही बच्चियों की मां ने अपने पति को वारदात की जानकारी दी। आरोपित ने अपनी भाभी (बच्चियों की मां) को मारपीट कर अधमरा कर दिया। डर के मारे बच्चियों की मां शनिवार को थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
दो मासूम बच्चियों से दुष्कर्म की घटना सुनकर पुलिस के होश उड़ गए। थाना प्रभारी केपी त्रिपाठी ने तत्काल पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन को पूरे मामले की जानकारी दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में 15 माह की दुधमुंही बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थित खतरे से बाहर है। पुलिस की दूसरी टीम ने आरोपित चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक केपी त्रिपाठी ने बताया कि आरोपित चाचा प्रमोद चतुर्वेदी 22 वर्ष ने 16 अक्टूबर को पहली बार 7 वर्षीय भतीजी से दुष्कर्म किया। घटना के बाद मासूम बच्ची रोते बिलखते हुए मां के पास पहुंची। तब माता-पिता आरोपित के खिलाफ थाने जाने लगे। हालांकि, पारिवारिक दबाव के चलते मां रिपोर्ट दर्ज कराने थाने तक नहीं पहुंच पाई। तब परिवार के लोगों ने सोचा था कि शायद अब ऐसी घटना न हो। इसलिए मामले में पर्दा डाल दिया।
इसके बाद आरोपित चाचा ने 46 दिन बाद 15 माह की भतीजी से बीते गुरुवार की सुबह 10 बजे और शुक्रवार की रात 09 बजे दुष्कर्म किया। बच्चियों की मां ने भोपाल की निजी कंपनी में कार्य करने वाले पति को फोनकर जानकारी दी। इसी बात पर आरोपित भड़क गया और मां को बुरी तरह पीट दिया। आरोपित के विरुद्ध दुष्कृत्य की विभिन्न धाराओं के अलावा पॉक्सो एक्ट की धाराओं का अपराध कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।