नई दिल्ली । पश्चिमी जिले के तिलक नगर इलाके के गणेश नगर में गुरुवार को लिव इन पार्टनर की हत्या करने वाले आरोपित को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 24 घंटे के भीतर पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान मनप्रीत नाम के रूप में हुई है। वारदात के बाद ये पंजाब स्थित अपने गांव भाग गया था।
अपराध शाखा से मिली जानकारी के अनुसार, वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों की एक टीम बनाई गई और वारदात वाली गली के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपित को ढूंढने का प्रयास शुरू किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित अपनी कार से पटियाला स्थित अपने गांव चला गया था। वह लगातार अपना लोकेशन और पता बदल रहा था।
आरोपित मनप्रीत अपने लिव-इन पार्टनर की हत्या करने के बाद फरार होने के लिए अपने गांव निकला इस दौरान कई टोल बैरियर को पार किए। अपराध शाखा की टीम को मनप्रीत की गिरफ्तारी में इससे काफी मदद मिली। मनप्रीत पर पहले से 6 गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या की कोशिश, पैसे के लिए किडनैपिंग और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार एक दिसंबर को तिलक नगर इलाके में रेखा रानी नाम की महिला की हत्या के बाद उसकी बेटी ने पुलिस को जानकारी दी। वह तिलक नगर के गणेश नगर स्थित एक किराए के मकान में अपनी मां रेखा रानी और मनप्रीत के साथ पिछले कई सालों से रह रहीं रेखा रानी की बेटी को माइग्रेन की शिकायत थी। एक दिसंबर को जब वह सुबह उठी तो मनप्रीत ने उसे माइग्रेन की दवाई दी और उसे सोने चले जाने को कहा। उसे कुछ शक हुआ और उसने मनप्रीत से अपनी मम्मी के बारे में पूछा।
इस पर मनप्रीत ने उसके मार्केट जाने की बात कही। इसके बाद उसने अपने चचेरे भाई को इस बात की जानकारी दी और वह घर से निकलकर पश्चिम विहार स्थित भाई के घर चली गई। वहां से उसने पुलिस को मदद के लिए कॉल किया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा बंद होने पर दरवाजे को तोड़ा तब रेखा रानी की हत्या का पता चला।
रेखा रानी की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी मम्मी और मनप्रीत के बीच पैसे को लेकर अक्सर झगड़ा हुआ करता था। उसने शक जताया कि मनप्रीत ने ही उसकी मां की हत्या की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपित मनप्रीत पटियाला इलाके के एक गांव का रहने वाला है। उसने पटियाला यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है।
वह 1998 में दिल्ली आया और कार सेल परचेज का काम करने लगा। उसके पिता यूएसए में रहते हैं। वह कार फाइनेंस का काम भी करता था। इस दौरान 2006 में उसकी शादी हो गई लेकिन 2015 में वह रेखा रानी के संपर्क में आया। उन दोनों के बीच प्यार हो गया और फिर दोनों ने लिव-इन में रहने का फैसला किया। तब से गणेश नगर के इसी मकान में रह रहा था। उसके व्यवहार से रेखा रानी परेशान रहती थी क्योंकि वह रेखा को अपने परिवार से नहीं बात करने देता था और न ही मिलने देता था।
पैसे की बात पर अक्सर दोनों में झगड़े होते थे। इस वजह से ही उसने रेखा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। हाल ही में इसके लिए उसने एक चाकू भी खरीदा था। मनप्रीत पर विकासपुरी, निहाल विहार, पश्चिम विहार, नजफगढ़ और तिलक नगर इलाके में मामले दर्ज हैं।(हि.स.)



