गाजियाबाद । साहिबाबाद थाना क्षेत्र में भी मासूम बच्ची की अपहरण के बाद हत्या कर दी गयी है। गुरुवार से लापता बच्ची का शव शुक्रवार को घर से 150 मीटर दूरी पर पड़ा मिला जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बच्ची के गर्दन पर निशान है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि गला घोटकर उसकी हत्या की गई। सूचना पाकर मौके पर एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेन्द्र सिंह, सीओ इंदिरापुरम स्वतंत्र सिंह, थाना पुलिस पहुंचे और जांच शुरु कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि साहिबाबाद थाना क्षेत्र में सिटी फॉरेस्ट क्षेत्र में कच्ची कॉलोनी में राज मिस्त्री रामजी अपने परिवार के साथ रहते है। उनकी बेटी हनी (5) गुरुवार दोपहर घर से बाहर खेते हुए संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद जब बच्ची का कोई पता नही चला तो पीडि़त ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गुरुवार शाम से देर रात तक बच्ची की तलाश में कॉम्बिंग की, मगर कहीं कोई सुराग नही लगा।शक्रवार को बच्ची का शव सामने वाले घर के पीछे पड़ा मिला। बच्ची के गले में रस्सी बंधी हुई थी। जिससे आशंका जताई जा रही है कि बच्ची की गला घोंटकर हत्या की गई है। उनका कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है।(हि.स.)



