मिर्जामुराद। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव स्थित रिंगरोड़ के पास से शुक्रवार की रात पुलिस ने किशोरी को अपहृत करने वाले अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर ली। किशोरी परिजनों को सौपा वहीं युवक को जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि बुधवार को खजुरी पुलिस चौकी अंतर्गत पड़ने वाले एक गांव निवासिनी 14 वषीर्या किशोरी को बहका-फुसलाकर घर से अपहृत कर लिया गया था। किशोरी की मां ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करायी थी। आरोपी रियाज अली मिर्जामुराद के बेनीपुर गांव का निवासी हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी खजुरी रविकान्त चौहान, कांस्टेबल सन्तोष कुशवाहा, विवेक गौतम रहे।
छेड़खानी के मामले में रपट दर्ज
बड़ागांव। बड़ागांव थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी 10 वषीर्या किशोरी से छेड़छाड़ करने के मामले में किशोरी की मां के प्रार्थना पत्र पर पुलिस आरोपी राजू यादव के विरुद्ध पाष्को एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया।
घर के बाहर खड़ी मैजिक वाहन चोरी
हरहुआ। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सभा भटौली (दुनियापुर) पंचकोशी मार्ग पर स्थित एक टेंट हाउस के बाहर खड़ी मैजिक को शुक्रवार की रात चोरी हो गयी। भटौली (दुनियापुर) गांव निवासी कपिल देव पटेल की पंचकोशी मार्ग के समीप टेंट हाउस की दुकान है। शुक्रवार की रात्रि में कपिल देव दुकान बंद करके बाहर मैजिक को खड़ी कर अंदर सोने चला गया। रात 12 बजे तक मैजिक दुकान के बाहर खड़ी थी। सुबह लगभग पांच बजे सो कर उठा तो देखा कि मैजिक गायब है। खोजबीन कर उसने डायल 112 पर चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने जांच की और इकसे बाद पीड़ित ने बड़ागांव थाने पर चोरी की तहरीर दी।
दो पक्षों में मारपीट, एक घायल
दानगंज। चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज चौकी अंतर्गत रसड़ा ग्राम में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार रसड़ा ग्राम निवासी अमन सिंह का आरोप है कि गांव के ही रहने वाले कृष्णकांत सिंह ने शराब के नशे में उससे मारपीट की और पैसे की मांग की। अमन सिंह चोलापुर थाने पर मुकदमा दर्ज कराने पहुंचा तो पुलिस ने मेडिकल मुआयना कराया जहां जांच में उसके चोटिल होने के साथ ही नशे में होने की भी पुष्टि हुई। चौकी प्रभारी दानगंज अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों मित्र हैं तथा शराब पीने के दौरान दोनों ने मारपीट की है। पीड़ित का भी मेडिकल जांच में अल्कोहल पॉजिटिव मिला है। मामले में एनसीआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
मारपीट में चार के खिलाफ मुकदमा
जंसा। जंसा थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव निवासी धनंजय उपाध्याय पुत्र श्यामधर उपाध्याय शनिवार को चार लोगों के खिलाफ मारपीट के मामले में जंसा पुलिस को तहरीर दी। आरोप है कि उसके चाचा सूरज उपाध्याय पूर्व प्रधान के घर पर चढ़कर सत्यम मिश्रा पुत्र बृजेश,पवन मिश्रा, पुत्र राकेश मिश्रा, शुभम मिश्रा, अनूप पाठक पुत्र अवधनारायण पाठक गजेपुर कपसेठी ने गाली गलौज तथा मारपीट कर भाग निकले जंसा पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच में जुट गई है।
शार्ट सर्किट से वाहन में लगी आग
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के मलहिया विश्वसुंदरी पुल के ऊपर शनिवार शाम लकड़ी लोड मैजिक वाहन में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम के डी मौर्या ने फायर फाइटर की मदद से तत्काल आग बुझाया। हाइवे पर आग लगने के बाद अफरा तफरी मच गई। कुछ देर के लिए वाहनों की कतार लग गई। आग बुझने के बाद आवागमन शुरू हुआ। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने क्रेन की मदद से जले गाड़ी को हटवाया। मीरजापुर आदलहाट थाना क्षेत्र के नारायणपुर का रहने वाला चालक संजय शहर से लकड़ी लोड कर नारायणपुर जा रहा था।
इनामी पशु तस्कर गिरफ्तार
मिर्जामुराद। भिखारीपुर गांव के पास से शनिवार को पुलिस ने मुकदमे में वांछित दस हजार रुपए के इनामी अंतरराज्यीय गौवंशी पशु तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि पशुतस्करी के मुकदमे में विवेचना के दौरान प्रकाश में आया वांछित इनामिया तस्कर कार से कही जा रहा हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। गिरफ्तार पशु तस्कर कैंट थानांतर्गत फुलवरिया (नूरुद्दीन शहीद) निवासी जमशेद खान उर्फ बाबू हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी के साथ एसआई अक्षय कुमार सिंह, एसआई प्रवीण कुमार मिश्रा, एसआई विशाल सिंह, एसआई जितेंद्र यादव सहित आदि लोग रहे।
विदेशी पर्यटक का सामान पुलिस ने कराया वापस
सारनाथ। सारनाथ अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल सारनाथ में इन दिनों देसी व विदेशी पर्यटकों आवाजाही बढ़ गया है ऐसे में सारनाथ स्थित पर्यटन पुलिस के जवान भी मुस्तैद नजर आ रहे हैं। शनिवार की दोपहर पर्यटन थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविंद कुमार के पास अमेरिका का एक पर्यटक मदद लेकर आया कि आॅटो में उसका लगेज छूट गया है।जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसी फुटेज के माध्यम से पर्यटन पुलिस ने 3 घंटे के अंदर ही आॅटो ड्राइवर से संपर्क कर अमेरिकन पर्यटक का लगेज वापस कराया।
पर्यटन थाना प्रभारी ने बताया कि जॉन एलेन अमेरिका का रहने वाला है, जो बीते 27 तारीख को ऋषिकेश से बनारस के अस्सी घाट पर आकर रुका हुआ था। आज सुबह 10:00 बजे वहीं से परमेश्वर आॅटो चालक के आटो में बैठकर सारनाथ आया था जहां पर लगभग 2:00 बजे तक घूमने के बाद आॅटो से उतर गया और अपना बैग आॅटो में ही भूल गया। काफी खोजबीन करने के बाद जब लगेज नहीं मिला तो इसकी सूचना पर्यटक पुलिस दिया जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसी फुटेज की सहारा लिया आॅटो चालक का टेलीफोन नंबर मिला संपर्क कर उसे बुलाकर विदेशी पर्यटक का सामान वापस कराया गया।



