भाजपा नेता हत्याकांड:छह बदमाश बने सिगरा पुलिस के लिए सिरदर्द
हत्या के 15 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, 11 की हो चुकी है गिरफ्तारी
वाराणसी। भाजपा नेता पशुपतिनाथ सिंह की हत्या में वांछित 20-20 हजार के छह इनामी बदमाश 15 दिन बाद भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। सिगरा पुलिस को इस हत्याकांड से जुड़े चंदुआ छित्तूपुर के हरिनगर का आर्यन सरोज उर्फ आकाश उर्फ टमाटर और चंदुआ छित्तूपुर का श्याम बाबू, विशाल राजभर, साहिल, संदीप गुप्ता व सुरेश सरोज की तलाश है।
सिगरा थाना अंतर्गत जयप्रकाश नगर में रहने वाले भाजपा नेता पशुपतिनाथ सिंह के घर के समीप शराब और बीयर का ठेका है। 12 अक्टूबर की रात कुछ मनबढ़ युवक शराब के नशे में ठेके के पास गालीगलौज और झगड़ा कर रहे थे। पशुपतिनाथ सिंह के छोटे बेटे राजकुमार सिंह उर्फ राजन ने बीच-बचाव करते हुए सभी को हटा दिया था। इस पर मनबढ़ युवक उन्हें देख लेने की धमकी देते हुए चले गए थे। इसके थोड़ी ही देर बाद लाठी-डंडे और हॉकी-रॉड से लैस होकर 35 से 40 की संख्या में हमलावर आए और राजकुमार सिंह को देखते ही उन पर हमला कर दिए।
राजकुमार सिंह की चीख सुन कर पशुपतिनाथ सिंह भाग कर आए तो हमलावरों ने उन्हें इतना मारा कि उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद राजकुमार सिंह को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। प्रकरण को लेकर सिगरा थाने में 17 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास और बलवा सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। पशुपतिनाथ सिंह के बड़े बेटे रुद्रेश सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने 11 बदमाशों को गिरफ्तार किया। मगर, छह अन्य नामजद बदमाश गिरफ्त में नहीं आ सके। हालांकि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दो अलग-अलग टीम दबिश दे रही हे।



