State

आज से गुजरात में गरजेंगे योगी

  • अलग-अलग दिनों में एक हफ्ते गुजरात में प्रचार का कार्यक्रम
  • इस दौरान तीन दर्जन चुनावी सभाएं कर सकते हैं योगी

-गिरीश पांडेय

हिमाचल के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार से गुजरात के चुनाव प्रचार में गरजेंगे। आज मोरबी, भरूच और सूरत में उनकी जनसभाएं होंगी। सबसे पहले वह मोरबी के वाकानेर से भाजपा उम्मीदवार जितेंद्र भाई सोमानी के लिए वोट मांगेंगे। भरूच के झागड़िया सीट पर रितेश भाई वसावा के पक्ष में जनसभा करेंगे। तीसरी जनसभा सूरत के विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी संदीप भाई देसाई के पक्ष में होगी।

मिली जानकारी के अनुसार चुनाव प्रचार के खत्म होने तक योगी अलग-अलग दिनों में करीब हफ्ते भर गुजरात के अलग-अलग क्षेत्रों में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। अगर रोज वह 3 से 4 सभाओं को संबोधित करें तो उनकी सभाओं की संख्या 21 से 28 तक हो सकती है। वैसे चुनाव प्रचार में भाजपा प्रत्याशियों की तरफ से जिस तरह से उनकी मांग है उसके मद्देजर यह संख्या अधिक भी हो सकती है। हिमाचल जैसे 12 जिलों वाले छोटे से राज्य में भी डिमांड की ही वजह से योगी को उसकी 68 विधानसभा क्षेत्रों में से 16 पर सभाएं करनी पड़ीं। 5 दिनों के दौरान वह हिमाचल के 8 जिलों में गये। गुजरात में योगी के फोकस में वह विधानसभा क्षेत्र होंगे जहां उत्तर भारतीयों की संख्या अधिक है।

वैसे गुजरात के पिछले विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ ने 29 जिलों के 35 विधानसभा सीटों के लिए जनसभाओं को संबोधित किया था। जिन विधानसभा क्षेत्रों में उनकी सभाएं हुई थीं उनमें से 20 पर भाजपा को जीत मिली थी। अगर वहां के चुनावी परिदृश्य की बात करें तो पिछले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में कड़ा मुकाबला था। उस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को क्रमशः 99 एवं 77 सीटें मिलीं थीं। एक सीट एनसीपी और 5 सीटें अन्य के खाते में आई थीं।

आप की एंट्री से आसान हो सकती है भाजपा की राह

इस बार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) ने गुजरात में लाइमलाइट वाली इंट्री की है। अब तक जितने भी चुनावी सर्वे आए हैं उनका निचोड़ यही है कि आप की भूमिका वोटकटवा तक ही होगी। उसके पाले में जाने वाले अधिकांश वोट कांग्रेस के ही होंगे। वैसे भी आम आदमी पार्टी का यह इतिहास रहा है कि वह जहां भी सत्ता में आई, कांग्रेस को ही शिकस्त देकर आई। अगर यही ट्रेंड रहा तो यह चुनाव भाजपा के लिए पिछले चुनाव से आसान रहेगा। उसकी सीटों की संख्या भी बढ़ सकती है। तमाम चुनावी सर्वे भी यही बता रहे हैं।

मसलन एबीपी-सी वोटर सर्वे के मुताबिक गुजरात में भाजपा को 131-139, कांग्रेस को 31-39, आप को 7-15 और अन्य को 0-2 सीटें मिल सकती हैं। इसी तरह टाइम्स नाऊ-ईटीजी के सर्वे में भाजपा को 125 से 130, कांग्रेस को 29-33, आप को, 20-24 और अन्य को 1-3 सीटें मिलने का अनुमान है। इंडिया टीवी के सर्वे में भाजपा को 119, कांग्रेस को 22, आप को 3 सीटें मिलने का अनुमान है। उल्लेखनीय है कि गुजरात में दो चरणों में (एक और पांच दिसंबर ) को मतदान होगा। हाल में संपन्न हिमाचल विधानसभा चुनावों के साथ ही 8 दिसम्बर को गुजरात के भी नतीजे आएंगे।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button