
भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच लखनऊ में खेले गए महिला क्रिकेट मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हरा दिया है। इसके साथ ही भारत ने 5 मैचों की वनडे श्रृंखला में अब 1-1 की बराबरी कर ली है। दक्षिण अफ्रीका की टीम 157 रन बनाकर 41वें ओवर में ही सिमट गई थी। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 29वें ओवर में जीत हासिल कर ली। भारत की ओर से स्मृति मंधाना और पूनम राउत ने शानदार अर्धशतक लगाए और पूरे मैच में दबदबा बनाये रखा। गेंदबाजी में भारत की ओर से झूलन गोस्वामी ने चार और राजेश्वरी गायकवाड़ ने 3 विकेट लिए।
टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला
मंगलवार को खेले गए मैच में भारतीय कप्तान मिताली राज ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्र रक्षण का फैसला किया। उनका यह फैसला सही साबित हुआ जब पहले ही ओवर में झूलन गोस्वामी ने अफ्रीकी ओपनर ली को पवेलियन भेजा। अफ्रीका की ओर से लूस(36) और गुडऑल(49) ने सर्वाधिक रन बनाये। भारत की ओर से झूलन गोस्वामी ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके। अपने कोटे के ओवर में उन्होंने कुल 42 रन खर्च किये। झूलन के अलावा स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ ने भी 3 विकेट लिए। आज के मैच में भारत की गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फिल्डिंग तीनों बेहतर रही।
भारत का शानदार प्रदर्शन
158 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को पहला झटका ओपनर जेमिनाह के रूप में लगा, जो 9 रन बनाकर स्माइल का शिकार बनी। लेकिन इसके बाद दिग्गज खिलाडी स्मृति मंधाना और पूनम राउत ने 138 रनों की शानदार साझेदारी की। स्मृति ने अपनी पारी में 10 चौके और 3 छक्के लगाए। जबकि पूनम ने अपनी 62 रनों की पारी में 8 चौके लगाए। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने अपने आखिरी 6 विकेट महज 44 रन पर गँवाए।
भारतीय टीम पिछले 12 महीने में पहली श्रृंखला खेल रही है. इस श्रृंखला का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका ने जीता था। फिलहाल अब यह श्रृंखला 1-1 से बराबर है. इस श्रृंखला के वनडे मैचों का आयोजन लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में हो रहा है. तीसरा मैच 12 मार्च को सुबह 9:30 बजे से खेला जायेगा।
टीम स्क्वॉड:
भारत : मिताली राज (कप्तान), स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, पूनम राउत, प्रिया पूनिया, यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर, डी हेमलता, दीप्ति शर्मा, सुषमा वर्मा (विकेट कीपर), श्वेता वर्मा, राधा यादव, राजेश्वरी गायकवाड़, झूलन गोस्वामी, मानसी जोशी, पूनम यादव, सी प्रत्यूषा, मोनिका पटेल।
दक्षिण अफ्रीका : सुन लुस (कप्तान), अयाबोंगा खाका, शबनीम इस्माइल, लॉरा वोल्वार्ट, त्रिशा चेट्टी, सिनालो जेटा, तस्मीन ब्रिटज़, मारिजाने कैप, नोंडिमिसो सांगेज़, लिज़ेल ली, एनेके बॉश, फेय ट्यूनेक्लिफ़, नॉनकुलुलेको मलाबा, मिगनॉन डु प्रीज, नादिन डी क्लार्क, लारा गुडल, टुमी सेखुखुने।



