छत्तीसगढ़ से बंगाल तक गोरखपुर GRP की ‘सर्विलांस स्ट्राइक’, 510 खोए मोबाइल बरामद
गोरखपुर जीआरपी ने खोए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल और जीआरपी की संयुक्त टीम ने पिछले तीन महीनों में 510 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपये है। बरामद फोन उत्तर प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल से ट्रेस किए गए। इनमें 505 एंड्रॉयड और पांच आईफोन शामिल हैं। मई 2025 से अब तक 1,810 से अधिक मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं।
- राकेश मद्धेशिया
देवरिया/गोरखपुर। खोए हुए मोबाइल फोन की तलाश में परेशान लोगों के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) गोरखपुर ने बड़ी राहत दी है। जीआरपी की सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों-चौकियों की संयुक्त टीम ने पिछले तीन महीनों में 510 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है। खास बात यह है कि इन मोबाइलों को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से ट्रेस कर बरामद किया गया।
बरामद मोबाइलों में 505 एंड्रॉयड फोन और पांच आईफोन शामिल हैं। इनमें अधिकांश मोबाइलों की कीमत 25 से 30 हजार रुपये के बीच है, जबकि कुछ महंगे मोबाइलों की कीमत करीब 80 हजार रुपये तक बताई गई है। तकनीकी सर्विलांस की मदद से मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस की गई और दूसरे राज्यों तक पहुंच चुके फोन को भी बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया।
बरामद मोबाइल फोन को 8 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र, पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर अशोक कुमार सिंह की मौजूदगी में उनके स्वामियों को सकुशल सुपुर्द किया गया। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने जीआरपी की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
मई 2025 से अब तक 1,810 से अधिक मोबाइल बरामद
पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मई 2025 से अब तक 1,810 से अधिक खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं। लगातार चल रहे इस अभियान से मोबाइल फोन खोने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।
सर्विलांस टीम को नकद पुरस्कार
मोबाइल बरामदगी में सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम का उत्साहवर्धन करते हुए पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने सर्विलांस सेल टीम को 2,000 रुपये तथा जीआरपी थाना गोरखपुर पुलिस टीम को 1,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
मोबाइल बरामदगी अभियान में उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, प्रभारी सर्विलांस सेल जीआरपी अनुभाग गोरखपुर, हेड कांस्टेबल सुन्दर सिंह, कांस्टेबल बृजेश यादव, कांस्टेबल विकास कुमार राय और कांस्टेबल रितेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
21.21 करोड़ से निखरेगी विरासत गलियारों की रंग, 119 पार्कों का 48 करोड़ रुपये से होगा कायाकल्प
नगर निगम : लापरवाह अफसरों पर गिरेगी गाज; 15 दिन चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान



