
वाराणसी । थिंक इंडिया अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान की पहल पर काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के शताब्दी भवन में आयोजित तीन दिवसीय थिंक इंडिया नेशनल कन्वेंशन-2022 के उद्घाटन समारोह में शनिवार को केन्द्रीय रेल व संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव भी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि रेल मंत्री ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बीएचयू के निदेशक प्रो. डॉ. प्रमोद कुमार जैन, राष्ट्रीय महामंत्री अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद निधि त्रिपाठी, राष्ट्रीय संयोजक थिंक इंडिया प्रतीक सुथार की उपस्थिति में सभागार में उपस्थित छात्रा प्रतिनिधियों से कराया। कार्यक्रम में रेलमंत्री ने युवाओं से संवाद कर थिंक इंडिया समिति के समक्ष 100 इंटर्नशिप के लिए प्रस्ताव रखा।
रेलमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण का उल्लेख कर कहा कि “हमें माइंड नहीं, माइंडसेट बदलना है”, देश के अमृतकाल 2047 तक भारत की अलग पहचान होगी चाहे रेलवे क्षेत्र हो या संचार का। भारत की तकनीकी अन्य देशों की तुलना में विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि नई तकनीक से साथ भारत तेजी से आगे बढता जा रहा है, नये भारत का निर्माण हो रहा है जिसमें युवा वैज्ञानिकों, आईआईटी-यंस व विधि के विद्यार्थियों की अहम भूमिका है।
कार्यक्रम में आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार जैन ने कहा कि थिंक इंडिया के साथ आईआईटी बीएचयू किसी प्रोजेक्ट पर मिलकर आगे काम करेगा। विद्यार्थी परिषद की महामंत्री निधि त्रिपाठी ने कहा कि आज हम राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से इंटर-डिसिप्लिनरी कोर्स की कल्पना कर रहे हैं। जिसकी नींव महामना पं.मदन मोहन मालवीय ने 1916 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर रख दी थी। देश के आत्म निर्भरता के बढ़ते कदमों में हमने कोरोनाकाल में स्वनिर्मित टीके 97 देशों में 11.58 करोड़ डोजेस भेज यह सिद्ध कर दिया है। अब हम अन्य देश पर निर्भर नहीं हैं बल्कि अन्य देशों को भी मदद कर रहे हैं। आने वाले समय में जी-20 की अध्यक्षता अपने पास है।(हि.स.)



