State

चार मंजिला इमारत गिरने से दो लोगों की मौत, राहत-बचाव जारी

मुंबई । मुंबई के कुर्ला स्थित नाइक नगर में सोमवार देर रात चार मंजिला इमारत ढह गई। मलबे में दबने से दो लोगों की मौत हो गई है। नागरिक निकाय के अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान जारी है। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के अनुसार, मलबे के नीचे से बचाए गए 7 लोगों की हालत स्थिर है, 20 से 25 लोग अब भी मलबे में फंसे हैं। इस बीच मंगलवार की सुबह एक और शख्स को जिंदा बचा लिया गया है।

एनडीआरएफ(NDRF) के उप कमांडेंट आशीष कुमार का कहना है कि अभी भी कितने लोग फंसे हुए हैं, इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है। बीएमसी के कल रात के आंकड़ों के अनुसार, मलबे में 20-25 लोगों के फंसे होने की संभावना के साथ 7 लोगों को बचाया गया।पार्षद प्रवीण मोराजकर ने यहां मीडियाकर्मियों को बताया, ‘नाइक नगर में एक चार मंजिला इमारत ढह गई। दमकल की टीम और पुलिस के द्वारा बचाव अभियान चलाया जा रहा है।’ पार्षद ने कहा, ‘मलबे के नीचे से बचाए गए सात लोगों की हालत स्थिर है। 20 से 25 लोगों के मलबे में दबे होने की संभावना है। बचाव अभियान जारी है।’

महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने घटनास्थल पर आकर स्थिति का जायजा लिया। आदित्य ठाकरे ने कहा कि अभी तक 5 से लेकर 7 लोगों को निकाला गया है, उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। चारों इमारत को खाली करने का नोटिस दिया गया था लेकिन कई लोग अभी भी वहां रहते हैं। हमारी प्राथमिकता है कि इमारत को खाली कराया जाए और बिल्डिंग को तोड़ा जाए।आदित्य ठाकरे ने आगे कहा कि जब भी बीएमसी नोटिस जारी करे, इमारतें खुद खाली कर दी जानी चाहिए…अन्यथा, ऐसी घटनाएं होती हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है…अब इस पर कार्रवाई करना महत्वपूर्ण है। पुलिस के मुताबिक, बचाव अभियान जारी है। घटनास्थल से ज्यादा जानकारी जुटाई जा रही है।(वीएनएस)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button