
डिमा हसाउ (असम),। डिमा हसाउ जिला के उमरांग्सू से पांच किमी दूर इलाके में नॉर्थ-ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (नीपको) की पनबिजली परियोजना के एक टर्बाइन पाइप में शनिवार को विस्फोट हो गया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है।एनडीआरएफ के सूत्रों ने बताया है कि घटना में एक इंजीनियर और एक मैनेजर समेत तीन लोगों की मौत हुई है।जानकारी के अनुसार उमरांग्सू से पांच किलो मीटर दूर स्थित इलाके में शनिवार सुबह नीपको की पनबिजली परियोजना के एक टर्बाइन पाइप में विस्फोट हो गया। विस्फोट के कारण करीब 12 हजार लीटर पानी प्रति सेकेंड की रफ्तार से बहने लगा। पानी की तेज धार के चलते आसपास के पेड़ गिर गए और पूरा इलाका डूब गया।
इस दौरान कई लोगों को नीपको, डिवीजनल फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ ने विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर बचाया। इनमें से तीन लोगों को गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान जोरहाट जिला निवासी नीपको इंजीनियर अनुपम सैकिया, सिविल मैनेजर जयंत हजारिका और दिमा हसाउ जिला निवासी संविदा कर्मचारी दिमिराज जहरी के रूप में हुई है।फिलहाल डिवीजनल फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम ने संदिग्ध लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान को जारी रखा हुआ है। (हि.स.)



