State

बांध में डूबने से एक युवती समेत तीन की मौत

गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद और धमतरी जिले की सीमा में स्थित बांध में डूबने से एक युवती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। गरियाबंद जिले के पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यहां बताया कि गरियाबंद जिले के पांडुका और धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में स्थित कुकदा बांध में डूबने से झारखंड निवासी रितु कुमारी (23), रायपुर निवासी लक्ष्य वर्मा (25) और झारखंड निवासी राकेश (37) की मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया ​कि पुलिस को जानकारी मिली है मगरलोड क्षेत्र में काम करने वाले एक एनजीओ के दस कर्मचारी कुकदा बांध में पिकनिक मनाने गए थे। उन्होंने बताया कि जब सभी बांध के किनारे थे उसी दौरान रितु, लक्ष्य और राकेश पानी में उतरे और डूब गए। उन्होंने बताया कि जब तीनों के डूबने की जानकारी उनके अन्य साथियों को मिली तब उन्होंने आस-पास के लोगों को मदद के लिए पुकारा और पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पांडुका थाना से पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा। बाद में पुलिस दल ने स्थानीय मछुआरों और नगर सेना के जवानों की मदद से तीनों की खोज शुरू की।उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद युवती को बरामद किया गया तथा उसे अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि वहीं दोनों युवकों की भी तलाश की जा रही थी और बाद में गहरे पानी से दोनों के शव बरामद किये गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि​ पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं। पुलिस ने बताया कि परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।(भाषा)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button