State

ठगी मामले में सुकेश चंद्रशेखर की सहयोगी पिंकी ईरानी तीन दिनों की पुलिस हिरासत में

नई दिल्ली । दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिवेंद्र सिंह की पत्नी अदिति सिंह से कथित तौर पर 200 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में मुख्य आरोपित सुकेश चंद्रशेखर की सहयोगी पिंकी ईरानी को तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। स्पेशल जज शैलेंद्र मलिक ने ये आदेश दिया।

पिंकी ईरानी को दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने आज पूछताछ के लिए बुलाया था, जिसके बाद पर्याप्त सबूत पाए जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। सुनवाई के दौरान पिंकी ईरानी की ओर से पेश वकील आरके हांडू ने पुलिस हिरासत की मांग का विरोध करते हुए कहा कि ईओडब्ल्यू के आरोप वही हैं, जो ईडी के हैं। उन्होंने कहा कि पिंकी ईरानी सुकेश चंद्रशेखर से पीड़ित है, वो उसकी सहयोगी नहीं है।

इसी मामले के एक आरोपित और एक्ट्रैस जैकलीन फर्नांडीज जमानत पर हैं। 31 अगस्त को कोर्ट ने जैकलीन फर्नाडीज के खिलाफ दायर पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। 17 अगस्त को ईडी ने पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। ईडी ने पूरक चार्जशीट में जैकलीन को आरोपित बनाया है। ईडी अप्रैल में इस मामले में जैकलीन की सात करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुका है। ईडी की चार्जशीट के मुताबिक इस मामले के मुख्य आरोपित सुकेश चंद्रशेखर ने पांच करोड़ 71 लाख रुपये से ज्यादा के गिफ्ट दिए थे। सुकेश पिंकी ईरानी के जरिए जैकलीन को गिफ्ट पहुंचाने का काम करता था।

ईडी के मुताबिक सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन के लिए उपहार खरीदने के लिए उस अवैध धन का इस्तेमाल किया, जो उसने शिवेंद्र सिंह की पत्नी अदिति सिंह समेत दूसरे हाई-प्रोफाइल लोगों से धोखाधड़ी कर वसूला था। ईडी के मुताबिक इस पूरे अपराध के लिए सुकेश ने ढांचा तैयार किया और अपराध को अंजाम दिया। दिल्ली पुलिस ने सुकेश चंद्रशेखर पर मकोका लगाया है। सुकेश एआईएडीएमके सिंबल मामले में निर्वाचन आयोग को रिश्वत देने की कोशिश के मामले में जेल में बंद था।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button