मुंबई : महाराष्ट्र में बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के तहत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा ) के वरिष्ठ नेता अजीत पवार सहित इसके कई शीर्ष नेता रविवार को एकनाथ शिंदे मंत्रिमंडल में शामिल हो गए।पार्टी प्रमुख शरद पवार के भतीजे पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया गया, छगन भुजबल, प्रफुल्ल पटेल, दिलीप वाल्से-पाटिल, हसन मुश्रीफ और धनंजय मुंडे सहित पार्टी के शीर्ष नेता भी मंत्रिमंडल में शामिल हुए।इससे पहले श्री अजित पवार 29 विधायकों के साथ राजभवन गए थे।सूत्रों ने कहा कि दिग्गज नेता शरद पवार अचानक हुए घटनाक्रम से नाराज हैं और उन्होंने अपने भतीजे का समर्थन नहीं किया है।
अजित पवार ने सतत विकास की राजनीति की: शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि उनके मंत्रिमंडल में उप मुख्यमंत्री के तौर पर शामिल हुए श्री अजित पवार ने हमेशा विकास की राजनीति की है।श्री शिंदे ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उनकी डबल इंजन सरकार भाजपा और शिवसेना (शिंदे) के पास राज्य के विकास के लिए अब ट्रिपल इंजन है। उन्होंने जोर दिया कि श्री अजित पवार के शामिल होने से सरकार को और मदद मिलेगी , जो पहले से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य के विकास के लिए काम कर रही है।उन्होंने दावा किया कि श्री अजित पवार को 40 से अधिक विधायकों का समर्थन प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि राकांपा के 54 विधायकों में से 35 उनके (श्री अजित पवार) साथ राजभवन में मौजूद थे।इससे पहले श्री अजित पवार समेत अन्य पार्टी नेता सहित इसके कई शीर्ष नेता रविवार को एकनाथ शिंदे मंत्रिमंडल में शामिल हो गए। उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद की शपथग्रहण ली वहीं उनके साथ छगन भुजबल, दिलीप वलसे-पाटिल, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे, धर्मरावबाबा भगवंतराव अत्राम, अदिति तटकरे, संजय बनसोडे और अनिल पाटिल ने भी मंत्री पद की शपथ ली।शपथग्रहण के श्री अजित पवार ने संवाददाताओं से कहा कि कुछ अन्य राकांपा विधायकों को जल्द ही मंत्रिमंडल में शामिल किया जायेगा। उन्होंने कहा, “मैंने महाराष्ट्र के लोगों के हित और उनकी समस्याओं को हल करने के लिए यह फैसला लिया है।”
अजित पवार का शपथग्रहण भाजपा के ‘ऑपरेशन लोटस’ का हिस्सा : राकांपा
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने रविवार को श्री अजित पवार और अन्य वरिष्ठ नेताओं के एकनाथ शिंदे सरकार में मंत्री पद का शपथग्रहण को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘ऑपरेशन लोटस’ का हिस्सा करार दिया।राकांपा प्रवक्ता महेश तापसे ने आज यहां अपने बयान में कहा कि सभी नेता, जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता गठन पार्टी प्रमुख शरद पवार के साथ हैं। उन्होंने कहा , “शपथग्रहण समारोह को पार्टी का आधिकारिक तौर पर समर्थन नहीं है। यह ‘ऑपरेशन लोटस’ का हिस्सा है। नेताओं ने व्यक्तिगत तौर पर शपथ ली है।”गौरतलब है कि महाराष्ट्र की राजनीति में यह घटनाक्रम तब सामने आया जब श्री अजित पवार को पार्टी में किनारे कर दिया गया और राकांपा सुप्रीमो की पुत्री सुप्रिया सुले को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
महाराष्ट्र को भाजपा के चंगुल से मुक्त कराने के प्रयास तेज करेंगे , कांग्रेस का दावा
महाराष्ट्र में रविवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजित पावर और कई अन्य नेताओं लोगों के क्रमश: उपमुख्यमंत्री और मंत्री पद की शपथ लेने पर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना की और कहा कि वह राज्य को भाजपा के चंगुल से मुक्त कराने के अपने प्रयासों को तेज करेगी।कांग्रेस के संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए अपन ट्वीट में कहा , “स्पष्ट रूप से भाजपा की ‘वॉशिंग मशीन’ ने अपना काम फिर से शुरू कर दिया है। गंभीर भ्रष्टाचार के मामलों में ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग की कार्रवाइयों का सामना कर रहे लोगों को क्लीन चिट मिल गयी और वे सभी आज महाराष्ट्र में भाजपा नीत गठबंधन में शामिल हो गये। ”उन्होंने कहा कि कांग्रेस महाराष्ट्र को भाजपा के चंगुल से मुक्त कराने के लिए अपने प्रयास तेज करेगी।
भ्रष्टाचार और पाप की उपज है महाराष्ट्र सरकार : कांग्रेस
कांग्रेस ने कहा है कि महाराष्ट्र में वैध रूप से चुनी हुई नहीं बल्कि भ्रष्टाचार और पाप की उपज से बनी ऐसी सरकार है जिसने ईडी का भय दिखाकर सत्ता कब्जाने का काम किया है।कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने महाराष्ट्र की ताजा राजनीतिक स्थिति पर ट्वीट कर कहा , “भाजपा का ‘डर्टी ट्रिक्स विभाग’ महाराष्ट्र में यह सब काम कर रहा है। यह वैध रूप से चुनी हुई सरकार नहीं है, बल्कि प्रवर्तन निदेशालय-ईडी की शक्ति का इस्तेमाल कर सत्ता हथियाने वाली सरकार है। महाराष्ट्र सरकार भ्रष्टाचार और पाप की उपज है। जनता ने महाराष्ट्र के गद्दार, भ्रष्ट और समझौतावादी नेताओं को अच्छी तरह से पहचान लिया है और अगले चुनाव में सबको सबक सिखाया जाएगा।
”उन्होंने कहा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 जून को भ्रष्टाचार को लेकर बात की थी जिससे प्रतीत होता है कि उन्होंने ‘वॉशिंग मशीन’ चालू कर दी है और भाजपा सरकार में शामिल हुए नेता शपथ ग्रहण समारोह के बाद अब निर्मल हो गए हैं।”कांग्रेस महासचिव ने यह भी कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे तथा पार्टी नेता राहुल गांधी ने इस घटनाक्रम के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार से बात कर उन्हें अपना समर्थन दिया है।इस बीच कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने कहा “यह साफ है कि भाजपा की वॉशिंग मशीन ने अपना काम फिर से शुरू कर दिया है। आज महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल हुए नेताओं में से कई पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे। ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के अधिकारी उनके पीछे पड़े थे। अब उन सभी को क्लीन चिट मिल गई है। महाराष्ट्र को भजपा के चंगुल से मुक्त कराने के लिए कांग्रेस अपनी कोशिशें और तेज़ करेगी।”(वार्ता)
#WATCH हमारी पार्टी के कुछ नेता MLA अब वहां जाकर शपथ लिया और अब वे मंत्री हो गए हैं। यह हमारी नीति नहीं थी। महाराष्ट्र में कांग्रेस, शिवसेना और NCP का जो गठबंधन है हमारी नीति उसमें रहने की है। जो लोग गए हैं उन्होंने पार्टी के खिलाफ निर्णय लिया है। 5 जुलाई को शरद पवार के नेतृत्व… pic.twitter.com/Rk8TmnCpAg
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 2, 2023



