Politics

स्मृति ईरानी ने भूपेश बघेल पर चुनाव के लिए रिश्वत लेने का लगाया आरोप

नई दिल्ली । महादेव सट्टेबाजी एप के मामले में हुए खुलासे को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सत्ता में रहकर, सट्टा का खेल छत्तीसगढ़ कांग्रेस नेतृत्व का चेहरा बन चुका है और भूपेश बघेल के खिलाफ जो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए है उससे यह साफ हो रहा है कि कांग्रेस अपने चुनाव खर्च के लिए महादेव सट्टेबाजी एप के अवैध सट्टेबाजी ऑपरेशंस का पैसा ले रही थी। ईरानी ने कहा, भूपेश बघेल जनता के सहयोग से नहीं, हवाला ऑपरेटर के सहयोग और पैसे से चुनाव लड़ रहे हैं।

स्मृति ईरानी ने शुभम सोनी के लिखित बयान का जिक्र करते हुए यह भी आरोप लगाया कि महादेव एप के प्रमोटर्स ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब तक 508 करोड़ रुपये की रिश्वत दी है। इसके अलावा महादेव ऑनलाइन एप के प्रमोटर्स, जो प्रशासन से और कांग्रेस के नेताओं से संरक्षण चाहते थे, वो चंद्रभूषण वर्मा नाम के एक अधिकारी के माध्यम से भी प्रोटेक्शन मनी भेजते थे और चंद्रभूषण वर्मा ने अब तक 65 करोड़ रुपये रिश्वत के तौर पर हैंडल किए हैं।

भाजपा मुख्यालय में शनिवार को मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भूपेश बघेल और कांग्रेस नेतृत्व पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भारत के चुनावी इतिहास में इससे पहले कभी ऐसा सबूत सामने नहीं आया है, जो स्पष्ट रूप से यह बताता है कि हवाला ऑपरेटरों के जरिए उनके आदेशों पर दुबई से आने वाले अवैध धन का इस्तेमाल कांग्रेस नेतृत्व द्वारा चुनावी खर्च के लिए किया गया है। स्मृति ईरानी ने कहा कि असीम दास नामक एक व्यक्ति से 5.30 करोड़ रुपये से ज्यादा बरामद हुए हैं।

उन्होंने पूछा कि क्या ये सत्य है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के नेताओं को शुभम सोनी के माध्यम से असीम दास पैसा पहुंचाते थे ? क्या ये सत्य है कि शुभम सोनी के एक वॉइस मैसेज के माध्यम से असीम दास को रायपुर जाकर, बघेल को चुनाव के खर्चे के लिए पैसा देने का आदेश दिया गया ? उन्होंने पूछा कि क्या ये सत्य है कि 2 नवंबर को होटल ट्राइडेंट में असीम दास से पैसा बरामद हुआ ? क्या ये सत्य है कि अलग अलग बैंक खातों से 15.5 करोड़ प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत फ्रीज किया गया?

स्मृति ईरानी ने भूपेश बघेल और कांग्रेस के नेतृत्व पर राजनीतिक हमला जारी रखते हुए आगे कहा कि असीम दास ने अपने बयान में यह माना है कि वो आदेश मिलने के बाद दुबई से रायपुर आया और उसे आदेश मिला था कि कांग्रेस के चुनाव खर्च के लिए पैसा दिया जाए। उन्होंने कहा कि असीम दास ने ये माना कि ये पैसे महादेव एप के अवैध सट्टेबाजी ऑपरेशंस के पैसे हैं और असीम दास ने यह भी कबूल किया है कि शुभम सोनी महादेव ऑनलाइन एप के टॉप लेवल मैनेजमेंट में शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि जिस शुभम सोनी के बारे में असीम दास ने बयान दिया है, जांच एजेंसी के पास शुभम सोनी की आवाज से भी वह सबूत उपलब्ध हैं।(वीएनएस )

छत्तीसगढ़, राजस्थान सरकारों के खिलाफ कर रहे हैं मोदी साजिश : कांग्रेस

नयी दिल्ली : कांग्रेस ने कहा है कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पार्टी की सरकारें बहुत लोकप्रिय है और इससे घबरा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन दोनों राज्यों की सरकारों पर निशाना साधते हुए उनके मुख्यमंत्रियों की छवि खराब करने की साजिश शुरु कर दी है।कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल तथा वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जब भी कोई चुनाव सामने होता है तो श्री मोदी भाजपा के लिए ईडी या आईटी विभाग को अपना मुख्य हथियार बनाना शुरु कर देते हैं।

श्री वेणुगोपाल ने कहा “छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी और कांग्रेस पार्टी की छवि खराब करने के लिए श्री मोदी की एक स्पष्ट साजिश है। छत्तीसगढ़ की जनता इस साजिश को समझती है और छत्तीसगढ़ के लोग ईडी का उपयोग करने के इस दुर्भावनापूर्ण अभियान का करारा जवाब देंगें।”मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा “वे जानते हैं कि यह चुनाव एकतरफा होने वाला है इसलिए इन चुनावों को जीतने के लिए मुख्यमंत्री बघेल और कांग्रेस सरकार की छवि खराब करने के वास्ते एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐजेंसी के लोग हर कांग्रेस नेता के दरवाजे पर पहुंच रही है। केंद्र सरकार को बताना चाहिए महादेव ऐप के खिलाफ कार्रवाई करने से उसे किसने रोका। मूल रूप से सट्टे में इस्तेमाल होने वाला यह एप दुबई से संचालित हो रहा है। यह स्पष्ट रूप से आपके डोमेन में है। आप इस ऐप के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं।

”श्री सिंघवी ने कहा “सभी जानते हैं कि छत्तीसगढ़ में भाजपा बुरी हार की तरफ आगे बढ़ रही है। इसी के साथ भाजपा का ईडी के साथ गठबंधन भी बड़ी तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसा कहने का कारण है- छत्तीसगढ़ पुलिस महादेव एप मामले में जांच शुरु करती है, बहुत सारी चीजें जब्त कर लेती है लेकिन डेढ़ साल बाद ठीक चुनाव के समय, मोदी सरकार के निर्देश पर ईडी मामले कूद जाती है।”उन्होंने कहा “ईडी के कूदते ही छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों पर प्रताड़ना का दौर शुरू होता है। ईडी सरकारी कर्मचारियों को परेशान करना शुरु कर देती है। इन कर्मचारियों को चार्जशीट में कोई भी तथ्य नहीं दिया गया है। उन्हें बताया नहीं जाता कि ये अभियुक्त हैं या साक्ष्य हैं। आज ईडी का मतलब भाजपा का चुनाव विभाग हो गया है।

”कांग्रेस की छतीसगढ़ की प्रभारी कुमारी सैलजा ने भी केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा “जब उन्हें कुछ और नहीं मिल रहा था तो वे इस तरह की बातें कर रहे थे। यहां, भूपेश बघेल द्वारा अच्छा काम किया गया है इसलिए लोग भाजपा पर भरोसा नहीं करते। जब सभी रणनीति विफल हो जाती है तो वे हमेशा इस तरह ईडी का सहारा लेते हैं। हम चुनाव के दौरान केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग की उम्मीद कर रहे थे और वही हो रहा है। हमें अपने द्वारा किए गए काम पर भरोसा है। भूपेश बघेल और पूरे राज्य मंत्रिमंडल ने कड़ी मेहनत की है और हम इसे आगे बढ़ाएंगे। छत्तीसगढ़ के लोग हम पर भरोसा कर रहे हैं क्योंकि छत्तीसगढ़ में भरोसे की सरकार’ है।

‘गौरतलब है कि इससे पहले आज यहां भाजपा नेत्री स्मृति ईरानी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर आरोप लगाया कि वह चुनाव लड़ने के लिए हवाला से जुड़े लोगों की मदद ले रहै हैं। कांग्रेस छत्तीसगढ़ में हवाला गतिविधियों से जुड़े लोगों की मदद से चुनाव लड़ रही है और पैसे जुटा रही है।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button