State

रमदहा जल प्रपात में डूबने से छह लोगों की मौत, एक को बचाया गया

भोपाल । छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में भरतपुर विकासखंड स्थित रमदहा जलप्रपात में रविवार को डूबने वाले सात लोगों में से दो लोगों के शव सोमवार को बरामद हुए। चार लोगों के शव रविवार को ही बरामद कर लिए गए थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में पोस्टमार्टम के बाद सभी शव आज परिजनों को सौंप दिए गए।

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न निवासी पिकनिक मनाने गए सात लोग रविवार को रमदहा जलप्रपात में डूब गए थे। सभी लोग आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। दोपहर 12 बजे के आसपास 14 वर्षीय श्रद्धा सेल्फी लेने के लिए पानी में चली गई। उसे गहरे पानी में जाते देख परिवार के लोग एक-दूसरे का हाथ पकड़कर पानी से निकालने के लिए गए। इसके चक्कर में सभी लोग गहरे पानी में चले गए और डूब गए। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने सुरेखा सिंह व उसके पति ऋषभ सिंह को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक ऋषभ सिंह की मौत हो गई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस गोताखोरों के दल के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। रविवार को देर शाम तक तीन अन्य लोगों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि दो लोगों का पता नहीं चल पाया था। अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू रोक दिया गया। सोमवार सुबह पुनः रेस्क्यू आपरेशन चलाकर शेष दोनों लोगों के शव बरामद किए गए। यानी जल प्रपात में डूबने से छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक को बचा लिया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतकों में बैढ़न निगाही कालोनी निवासी श्वेता सिंह (22) पुत्री कमलेश सिंह, हिमांशु (18) पुत्र कमलेश सिंह, श्रद्धा सिंह (14) पुत्री कमलेश सिंह, जयंत कालोनी निवासी अभय सिंह (22) पुत्र योगेंद्र सिंह, माजन मोड निवासी ऋषभ सिंह (24) पुत्र अनिल सिंह (24) और जयंत कालोनी निवासी रत्नेश सिंह (26) पुत्र योगेंद्र सिंह हैं। सुलेखा सिंह (22) पत्नी ऋषभ सिंह को बचा लिया गया है। सभी शव पोस्टमार्टम के बाद आज परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट के माध्यम से कहा कि ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि! छत्तीसगढ़ के रमदहा जलप्रपात दुर्घटना में हताहत हुए प्रदेशवासियों के परिजन स्वयं को अकेला न समझे। हम सब शोकाकुल परिवार के साथ हैं। मृतकों के परिवारों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के साथ घायल सुलेखा सिंह के इलाज की समुचित व्यवस्था की जायेगी।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button