
इटावा । उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बरसात का कहर देखने को मिला। देर रात से रुक-रुककर हो रही बारिश से जनपद इटावा में अलग-अलग स्थानों पर दीवार गिरने से सात मासूम बच्चाें समेत 10 लोगों की मौत हुई हैं। आठ लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज आसपास के अस्पताल में चल रहा है।
जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने बरसात को देखते हुए जनपद के सरकारी और गैर सरकारी सभी विद्यालयों को तीन दिन तक बंद रखने का आदेश दिया है। जिलाधिकारी ने बताया कि पहली घटना थाना सिविल लाइन इलाके के चंद्रपुरा गांव की है, जहां टीन शेड के नीचे सो रहे चार सगे भाई-बहनों की दीवार के नीचे दबने से मौत हो गईं। मरने वाले बच्चों में सिंकू (10), अभि (08), सोनू (07) और आरती (05) हैं। इन बच्चों के माता-पिता की मौत दो वर्ष पहले हो चुकी थी। ये बच्चे अपनी बूढ़ी दादी के साथ रह रहे थे।
दूसरी घटना थाना कोतवाली इलाके के पथवरिया मुहाल की है। यहां पर कच्चा मकान गिर गया। मलबे में दबकर आलिया (07), आहिल आठ माह और 13 माह की सुहाना की मौत हो गई। तीस वर्षीय चंदा और 69 वर्षीय कादरी बेगम गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
इसी तरह तीसरा हादसा थाना इकदिल क्षेत्र के कृपालपुर गांव का है, जहां दीवार गिरने से मलबे के नीचे दबकर बुजुर्ग दम्पति रामसनेही (65), रेशमा (63) की मौत हो गई है। इसके अलावा थाना चकरनगर क्षेत्र के अंतर्गत अंदाबा गांव में दीवार के नीचे दबकर मजदूर जबर सिंह की मौत हो गई है।पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। हादसें में छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने बताया कि बीती रात हुई मूसलाधार बारिश में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं में सात मासूम बच्चों समेत 10 लोगों की मौत हुई है, जबकि आठ लोग घायल हैं। सभी घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है। उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों को तीन दिन तक बंद रखने का निर्देश दिया है।(हि.स.)
इटावा में दीवार गिरने के हादसे पर योगी ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इटावा जिले में दीवार और कच्चा मकान गिरने की दो घटनाओं में चार बच्चों सहित छह लोगों की मौत होने और दो अन्य के घायल होने के दर्दनाक हादसे पर गुरुवार को संज्ञान लेकर इस जनहानि पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 04-04 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार योगी ने इस घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को घटना स्थल पर जाकर राहत एवं बचाव कार्य यथाशीघ्र पूरा करने और घायलों का उपचार कराने के निर्देश दिये हैं।
गौरतलब है कि इटावा जिले में हो रही लगातार बारिश के दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत चंद्रपुरा गांव में बीती रात करीब 01 बजे के एक कच्चे मकान की दीवार ढहने से घर का एक हिस्सा गिर गया। इसमें एक ही परिवार के 06 लोग मलबे में दब गये। इनमें चार सगे भाई बहनों की मौत हो गयी और मृतक बच्चों की दादी एवं एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गये।मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इटावा के जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने के निर्देश दिये। उन्हाेंने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री आपादा राहत कोष से 04 – 04 लाख रुपये की सहायता राशि देने के भी निर्देश दिये हैं।योगी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए जिला प्रशासन को सभी घायलों का समुचित उपचार कराने को कहा है।(वार्ता)



