
नई दिल्ली । भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की कमान प्रख्यात राकेट विज्ञानी एस सोमनाथ को मिल गई है। वह के सिवन की जगह लेंगे। जनवरी, 2018 में इसरो प्रमुख बने सिवन शुक्रवार को रिटायर हो रहे हैं। कार्मिक मंत्रालय ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किया।एस सोमनाथ इस समय विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (वीएसएससी) के डायरेक्टर हैं। केंद्र सरकार ने उन्हें स्पेस सेक्रेटरी और स्पेस कमीशन का चेयरमैन भी नियुक्त किया है।
तीनों पद सामान्यत: एक ही व्यक्ति संभालता है। के सिवन भी तीनों पदों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। सिवन को दिसंबर, 2020 में एक साल का सेवा विस्तार दिया गया था। सोमनाथ की नियुक्ति पद संभालने की तारीख से तीन वर्षो के लिए की गई है। वह इसरो के 10वें प्रमुख होंगे। उन्होंने 22 जनवरी, 2018 को वीएसएससी के प्रमुख का कार्यभार संभाला था। इससे पहले वह ढाई साल तक तिरुअनंतपुरम स्थित लिक्विड प्रोपल्शन सिस्टम्स सेंटर के डायरेक्टर रहे थे। सोमनाथ जीएसएलवी एमके-3 लांच व्हीकल के प्रोजेक्ट डायरेक्टर भी रहे हैं। उनके नेतृत्व में ही 2014 में एलवीएम3-एक्स/केयर मिशन को सफलतापूर्वक पूरा किया गया था।



