State

जब तक सृष्टि है तब तक गीता की प्रासंगिकता: मोहन भागवत

कुरुक्षेत्र में श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप का किया लोकार्पण

चंडीगढ़ । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ संचालक मोहन भागवत ने कहा है कि गीता किसी एक संप्रदाय का ग्रंथ नहीं है। भारतीय हिंदू परपंरा में गीता है। हिंदू समाज उसका ट्रस्टी है। जब तक सृष्टि है, तब तक गीता की प्रासंगिकता है। गुरुनानक देव जी आपने दोष न लिवे करता। कृष्ण तो युद्ध लड़े ही नहीं, केवल रथ के पहिए ही दौड़ाये। भगवान की रीति है कि वो माध्यम से करवाता है।सरसंघ संचालक गुरुवार को कुरुक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप का लोकार्पण करने के बाद एकत्र समूह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी मौजूद रहे।

मोहन भागवत ने कहा कि अर्जुन को लड़ने के लिए गीता का उपदेश दिया गया, परंतु गीता में अहिंसा का उल्लेख है। इसलिए कर्तव्य करो और निर्मल मन से करो। संघ प्रमुख भागवत ने कहा कि गीता जीवन विद्या है। गीता की आज जरूरत है। सृष्टि में पर्यावरण बिगड़ गया है। जगह-जगह कट्टरता है। आपस में द्वेष है। मनुष्य का मन संकुचित हो रहा है। मानव संपूर्ण मानवता की एकता की बात तो करता है परंतु पड़ोस में ही गुट बनाकर लड़ता है। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि आज वह कुरुक्षेत्र पहुंचे हैं।

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि हरियाणा हरि का है। हरियाणा देवों की भूमि है। हरियाणा गीता का केंद्र है। कुरुक्षेत्र को दुनिया के मानचित्र में स्थान मिलेगा। भगवत गीता एक मजहब का ग्रंथ नहीं है। पूरे मानव जीवन को संदेश देने वाली है गीता। मानव समाज जब तक रहेगा, तब तक गीता रहेगी।

गीता ज्ञान संगठन के ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि कहीं न कहीं बुराई से भी अच्छाई निकल सकती है। धृतराष्ट्र की वाणी से पहला शब्द अधर्म नहीं निकला। आज एक महत्वपूर्ण दिवस है। भगवद् गीता का अवतरण स्थल ज्योतिसर अपनी पहचान खोता जा रहा था। 2014 में जब सरकार आई तो ज्योतिसर की चर्चा हुई। ज्योतिसर को उसका स्वरूप मिले, ताकि युग-युगांतर के लिए प्रेरणा बनी रही।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को द्वापर युग में इसी धरती पर अपने विराट स्वरूप के दर्शन कराए थे। हमारा प्रयास उसी ऐतिहासिक घटना को 21वीं सदी में जीवंत करने का है। आज गुप्त नवरात्रि का महत्वपूर्ण दिन भी है। इस दिन किए जाने वाला कोई भी कार्य फलदायी होता है। भगवान श्रीकृष्ण की विराट स्वरूप प्रतिमा का अनावरण हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कुरुक्षेत्र डेवलपमेंट बोर्ड का गठन किया है। बोर्ड का बजट बढ़ाया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती की तरह ही श्रीकृष्ण उत्सव मनाने की योजना है। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, सांसद नायब सिंह व विधायक सुभाष सुधा भी उपस्थित रहे।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button