
अखिलेश पर राजभर का तीखा वार, बोले- राहुल का झंडा कब तक उठाएंगे? बृजलाल ने भी घेरा
लखनऊ में यूपी की राजनीति गरमा गई है। कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर राहुल गांधी और कांग्रेस को लेकर तीखा हमला बोला। राजभर ने गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठाते हुए अखिलेश को 'फुस्स पटाखा' बताया। वहीं, भाजपा के राज्यसभा सांसद और पूर्व डीजीपी बृजलाल ने अखिलेश के भाजपा को 'गैंग' कहने वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने सपा पर माफियाओं को संरक्षण देने, आतंकियों के मुकदमे वापस लेने और विभाजनकारी राजनीति करने के आरोप लगाए।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए पूछा कि आखिर कब तक राहुल गांधी का झंडा उठाएंगे। कब तक कांग्रेस से डरकर राजनीति करेंगे?
राजभर ने कहा कि दिल्ली में इंडी गठबंधन की रैली के बाद राहुल गांधी थाईलैंड या किसी और विदेश यात्रा पर चले जाएंगे, जबकि अखिलेश यादव को यहां सीट बंटवारे को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य से डील करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने स्वामी प्रसाद मौर्य को सम्मान दिया और आज वही उन्हें अपमानित कर रहे हैं।
‘आप फुस्स पटाखा निकले’
राजभर ने कहा कि दुख इस बात का है कि अखिलेश यादव का स्तर दिन पर दिन गिरता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता टकटकी लगाए हैं कि भइया धमाका करेंगे लेकिन आप फुस्स पटाखा निकले। उन्होंने अखिलेश यादव से कहा कि गठबंधन को लेकर अपना स्टैंड क्लियर करिए या फिर दिल्ली का चक्कर लगाते रहिए।
‘नेशन फर्स्ट ही बीजेपी का मूलमंत्र, सपा की विचारधारा विभाजनकारी’, अखिलेश पर बरसे बृजलाल
यूपी के पूर्व डीजीपी और भाजपा के राज्यसभा सांसद बृजलाल ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाजपा को ‘गैंग’ कहने वाले बयान पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी पार्टी है, जिसका मूलमंत्र ‘नेशन फर्स्ट’ है। उन्होंने सवाल उठाया कि अपराधियों और माफियाओं के गैंग के सहारे पार्टी चलाने वाले अखिलेश यादव किस मुंह से दूसरे दलों पर हमला करते हैं। उन्हें पहले अपने अतीत में झांकना चाहिए।
योगी सरकार में बदली यूपी की तस्वीर
बृजलाल ने कहा कि योगी सरकार में यूपी की तस्वीर बीमारू प्रदेश से विकसित प्रदेश में बदल गई है। राज्य में माफिया पर कार्रवाई, अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस और दंगों पर नियंत्रण से निवेश का माहौल बना है। बृजलाल ने दावा किया कि प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है और राज्य का बजट बढ़कर 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जबकि सपा शासनकाल में यह 3.46 लाख करोड़ रुपये था।
मुख्तार और अतीक का नाम लेकर सपा को घेरा
सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद जैसे माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण देने का आरोप लगाया। कृष्णानंद राय और राजू पाल हत्याकांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में अपराधियों का हौसला सातवें आसमान पर था।
सपा राज में आतंकियों के मुकदमे वापस लेने की हुई थी कोशिश
बृजलाल ने कहा कि अखिलेश यादव सरकार ने 2013 में आतंकवादियों के 14 मुकदमे वापस लेने की कोशिश की थी। उन्होंने तत्कालीन डीआईजी अशोक कुमार सिंह पर हमले के मुकदमे की चार्जशीट वापस लेने के प्रयास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव माफियाओं, शातिर अपराधियों और आतंकवादियों की मदद करते हैं। वो एक पार्टी नहीं बल्कि अपराधियों की एक गैंग चलाते हैं जिसके मुख्य सरगना वो खुद हैं।
UPSSSC PET 2026: इंतजार खत्म, जारी हुई सभी पालियों की आंसर-की, यहां तुरंत करें चेक



