Politics

‘2027 में जनता उतारेगी अखिलेश का बुखार’, बीजेपी ने सपा प्रमुख पर बोला तीखा हमला

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला तेज कर दिया है। बीजेपी प्रवक्ताओं दिनेश प्रताप सिंह, अंकुश त्रिपाठी और नवीन श्रीवास्तव ने अखिलेश पर अहंकार, तुष्टीकरण और भ्रम फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाया। मंत्री कपिल देव अग्रवाल और पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने भी सपा को निशाने पर लेते हुए दावा किया कि आगामी चुनाव में पार्टी का सफाया हो जाएगा। बीजेपी नेताओं ने यूपी में तीसरी बार कमल खिलने का भरोसा जताया।

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर बीजेपी ने शनिवार को जोरदार हमला बोला। बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव को एसी में बैठकर पीसी करके झूठ बोलने की आदत हो गई है। 2027 में जनता उनका बुखार उतार देगी। बीजेपी प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि जनता का रुख देखकर अखिलेश यादव डरे हुए हैं। उन्हें पता है कि साइकिल हमेशा के लिए पंक्चर होने वाली है। वहीं, प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि जब अखिलेश यादव को सत्ता मिली थी तब वो अहंकार में चूर थे।

‘जब सत्ता में थे तब पिता को भी नहीं बख्शा, अब ज्ञान दे रहे’

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव जब सत्ता में थे तब उन्होंने अपने पिता और चाचा तक का अपमान किया। किसी की सलाह नहीं ली। अहंकार में चूर रहे। अब जब सत्ता से बाहर हो गए हैं तो वेबसाइट के सहारे लोगों की बात सुनना चाहते हैं। सच तो ये है कि अखिलेश डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को अखिलेश का दौर याद है जब बहन-बेटियां सुरक्षित स्कूल और ऑफिस नहीं जा पाती थीं। बिना खर्ची-पर्ची के नौकरी नहीं मिलती थी। 2027 के चुनाव में नौजवान, किसान और महिला सपा का सूपड़ा साफ करेंगे।

‘उधार के हाथों पर चल रही अखिलेश की राजनीति’

अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव को अपनी पार्टी की स्थिति का आंकलन करना चाहिए। उधार के हाथों पर उनकी साइकिल चल रही है। 2027 में साइकिल के पहिए अलग हो जाएंगे और हैंडल किसी और के पास रहेगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तुष्टीकरण और अत्याचार की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के पास जनता के लिए न कोई विजन है और न ही मिशन।

‘तुष्टीकरण की राह पर इतना बढ़ गए कि सनातन परंपराओं का ज्ञान नहीं रहा’

नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि अखिलेश यादव स्वयं को भगवान श्रीकृष्ण का वंशज बताते हैं, लेकिन मुस्लिम तुष्टीकरण की राह पर इतना आगे बढ़ गए हैं कि उन्हें सनातन परंपराओं और मंत्रों का ज्ञान नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र में राधे-राधे शब्द का इस्तेमाल एक-दूसरे का अभिवादन करने और प्रभु का नाम जपने के लिए किया जाता है। लेकिन इस नाम में भी अखिलेश यादव को सियासत नजर आती है। सच तो ये है कि सनातन को बदनाम करने का कोई मौका अखिलेश नहीं छोड़ते हैं।

अखिलेश झूठ बोलकर केवल माहौल बिगाड़ना चाहते हैं, जनता उनकी मंशा अच्छे से जानती हैः मंत्री कपिल देव अग्रवाल

यूपी सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शनिवार को सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव ने सत्ता में रहते हुए जनता की बात सुनी होती तो आज उनकी पार्टी का ये हाल नहीं होता। उन्होंने कहा कि सपा केवल तुष्टीकरण की राजनीति करती है। जबकि बीजेपी सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।

कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि अखिलेश यादव केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। झूठ बोलकर वो केवल माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। लेकिन उन्हें पता नहीं है कि यूपी की जनता सपा की मंशा को अच्छे से जानती है। मंत्री ने कहा कि जेन-जी मजबूती के साथ बीजेपी से जुड़ा हुआ है।

यूपी में तीसरी बार खिलेगा कमल

कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि राधे-राधे की महिला अनंत है। सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक राधे-राधे कहा जाता है। बड़ों को भी राधे और छोटों को भी राधे कहकर अभिवादन किया जाता है। उन्होंने कहा कि राधा रानी की कृपा से उत्तर प्रदेश में तीसरी बार कमल खिलेगा।

अखिलेश को 2027 में भी दिख रही हार, पूरी तरह साफ हो जाएगी सपा: पूर्व सांसद सुब्रत पाठक

भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लगातार दो चुनावों में हार के बाद अब अखिलेश को 2027 में भी हार दिख रही है। उन्होंने दावा किया कि सपा के कार्यकर्ता भी जमीन पर पार्टी की हार की चर्चा करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश के बयान अपने कार्यकर्ताओं को बरगलाने की कोशिश हैं। उन्हें यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि अगली हार के बाद समाजवादी पार्टी का अस्तित्व पूरी तरह से खत्म हो जाएगा।

‘लगातार हार से सपा में निराशा’

सुब्रत पाठक ने कहा कि 2017 और 2022 के चुनावों में हार के बाद अखिलेश यादव बौखलाए हुए हैं। वो ये मानने को तैयार नहीं हैं कि यूपी की जनता उन्हें नकार चुकी है। इसलिए वो हार का ठीकरा किसी और पर फोड़ते रहते हैं। पाठक ने दावा किया कि अखिलेश यादव को आगामी विधानसभा चुनाव में भी स्पष्ट रूप से सपा की हार नजर आ रही है। यही कारण है कि वो लगातार अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं, यूपी की जनता इनका ढोंग पहचानती है। 2027 में सपा का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा।

आपके सामने पूरा आसमान है, बड़े सपने देखिए और अपने हुनर से उन्हें साकार कीजिए: प्रधानमंत्री

Related Articles

Back to top button