Politics

PDA पर तंज, लैपटॉप योजना पर सवाल: अखिलेश यादव पर भाजपा मंत्रियों का चौतरफा हमला

उत्तर प्रदेश में भाजपा नेताओं और मंत्रियों ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। धर्मपाल सिंह ने सपा शासन की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए PDA की व्याख्या पर तंज कसा। दानिश आजाद अंसारी ने शिक्षा व्यवस्था और दलितों के मुद्दे पर सपा को घेरा। ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश की भाषा और कथनी-करनी पर निशाना साधा। भाजपा प्रवक्ताओं ने लैपटॉप वितरण योजना, कथित भ्रष्टाचार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए योगी सरकार के सुधारों का दावा किया।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे तब प्रदेश के थानों पर सपाई गुंडों का कब्जा था। कानून व्यवस्था ध्वस्त थी। वहीं, मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सपा केवल परिवार और पैसे वालों की पार्टी है। अखिलेश का पीडीए केवल धोखा है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि जनता अखिलेश राज की अराजकता भूली नहीं है। PDA पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव बार-बार इसका अर्थ बदलते रहते हैं। जबकि असलियत में अखिलेश के पीडीए का मतलब- ‘पीटेंगे, डकैती डालेंगे और अपहरण करेंगे’ है।

‘सपा शासन में नकल माफियाओं का था सिंडिकेट’

मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सपा सरकार में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गई थी। परीक्षाओं में नकल माफियाओं का दबदबा था। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने नकल माफियाओं के इस सिंडिकेट को पूरी तरह खत्म करने का काम किया है। अब प्रदेश में बेहतर शिक्षा व्यवस्था का माहौल है।

दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सपा का मूल चरित्र हमेशा से दलित विरोधी रहा है। जब अखिलेश यादव सत्ता में थे तब उनके गुंडे खुलेआम दलितों की बस्तियां जलाते थे। उनकी जमीनों पर कब्जा करते थे। उन्होंने कहा कि आज यूपी में कानून का राज है। तीसरी बार जनता एनडीए की सरकार बनाएगी।

‘लैपटॉप घोटाला करने वाले बताएं, इस बार कौन सा घोटाला करेंगे?’ मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश द्वारा मुलायम सिंह यादव के दिखाए गए रास्ते पर चलने वाले बयान पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख किसी के दिखाए रास्ते पर नहीं चलेंगे। यदि वो एक रास्ते पर चलते तो उनका कल्याण भी होता।

‘अखिलेश की कथनी-करनी में अंतर’

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव जब 5 साल सत्ता में थे तो लैपटॉप घोटाला कर अपनी तिजोरी भरी। अब सपा प्रमुख फिर से सत्ता में आने की बात कह रहे हैं तो उन्हें यह खुलासा करना चाहिए कि इस बार कौन सा घोटाला करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश ने लाखों पात्र लोगों को लैपटॉप नहीं बांटे। वो सिर्फ झूठ बोलना जानते हैं। सपा प्रमुख की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है।

‘अखिलेश यादव हर रोज रास्ता भटकते हैं’

राजभर ने अखिलेश यादव के रूठों को मनाने वाले दावे को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश कभी किसी को नहीं मना सकते। अपने अहंकार में चूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव रोज रास्ता भटकते हैं, वो कैसे रूठे हुए लोगों को मनाएंगे। सपा प्रमुख को उन लोगों का नाम बताना चाहिए जो उनसे नाराज हैं।

अखिलेश की भाषा गुंडों वाली, युवाओं का मनोबल तोड़ती है सपा की माफियागिरी: ओपी राजभर

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश की भाषा गुंडागर्दी वाली है। सपा की मानसिकता सरकारी कर्मचारियों को गुलाम समझने की रही है। अखिलेश यादव पुलिस अधिकारियों को अपमानित करते हैं, जो सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं का मनोबल तोड़ती है।

राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश के बयानों ‘इसको उड़वा दूंगा’, ‘उसको उठवा लूंगा’ और ‘पुलिस से स्टेपनी बदलवाऊंगा’ का जिक्र करते हुए कहा कि अच्छी संगत से ही अच्छी भाषा आती है। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख की बड़ी-बड़ी डींगों पर उनके लोफर लोडर ही तालियां बजा सकते हैं।

पुलिस से अपनी भैंस ढुंढवाते थे आजम खान

राजभर ने अखिलेश को रामपुर वाले चचाजान (आजम खान) से एक्सपर्ट एडवाइस लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दस साल पहले वह भी अखिलेश जैसे ही थे। सरकारी कर्मचारियों को गुलाम समझते थे, पुलिस से अपनी भैंस ढुंढवाते थे और कर्मचारियों को ‘तनखइया’ कहते थे। राजभर ने कहा कि दस साल बाद भी आजम खान की जुबान पूरी तरह नहीं बदली, लेकिन नरम जरूर हुई है। उन्होंने अखिलेश से सवाल किया कि क्या आजम खान आज भी सरकारी कर्मचारियों को ‘तनखइया’ समझते हैं और क्या उनसे जूते साफ कराएंगे?

‘सरकारी नौकरी वालों को गुलाम बनाने का सपना छोड़िए’

राजभर ने कहा कि प्रदेश में लाखों युवा मेहनत और लगन से सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस और कर्मचारियों को लेकर धमकी भरी भाषा उनका मनोबल गिराती है। उन्होंने कहा कि यूपी के युवा भूले नहीं हैं कि किस तरह सपा शासनकाल में पूरे सरकारी सिस्टम को सैफई सिंडिकेट और उसका माफियातंत्र गुलाम बनाकर रखता था। सरकारी नौकरी वाले ‘तनखइया’ और ‘गुलाम’ समझे जाते थे।

राजभर ने कहा कि योगी सरकार में उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़ी संख्या में युवा अपनी मेहनत और योग्यता के दम पर भर्ती हुए हैं। वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की मदद करने के लिए काम कर रहे हैं। यूपी में माफियाराज अब समाप्त हो चुका है। उन्होंने अखिलेश को चेतावनी दी कि सरकारी कर्मचारियों को अपना गुलाम समझने और उनसे मनमाने तरीके से काम कराने का सपना अब छोड़ दीजिए।

लैपटॉप वितरण के नाम पर अखिलेश ने भरी थी अपनी तिजोरीः भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव अपने लैपटॉप वितरण कार्यक्रम को मिसाल के तौर पर पेश करते हैं। लेकिन सच्चाई ये है कि इस योजना के नाम पर अखिलेश ने अपनी तिजोरी भरी थी। भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि सपा सरकार में भर्तियों और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार होता था। वहीं, प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि अखिलेश यादव को कंपोजिट विद्यालयों का दौरा करना चाहिए, जिससे वो शिक्षा व्यवस्था में हुए सुधार को महसूस कर सकें।

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अगर सपा मुलायम सिंह यादव के विचारों पर चलती तो उसकी स्थिति इतनी बेहाल न होती। लेकिन ये वही अखिलेश यादव हैं जिन्होंने अपने पिता का माइक छीनकर धक्का दिया था। अपने चाचा से अध्यक्ष पद की कुर्सी छीन ली थी।

उन्होंने कहा कि सीएजी की रिपोर्ट बताती है कि अखिलेश सरकार में चार लाख से अधिक पात्र छात्रों को लैपटॉप नहीं बांटे गए थे। अखिलेश को बताना चाहिए कि उसके लिए आवंटित धन का क्या हुआ? उन्होंने कहा कि योगी सरकार अब तक पारदर्शी तरीके से 60 लाख छात्रों को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित कर चुकी है।

‘मुलायम ने कांग्रेस का विरोध किया अखिलेश ने उसी से किया गठबंधन’

अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने हमेशा कांग्रेस का विरोध किया। लेकिन आज अखिलेश यादव उसी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने मुलायम सिंह यादव के हर करीबी को अपमानित किया। अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश के शासन में किताबें सरकारी गोदामों में सड़ती रहती थीं। आज योगी सरकार में स्कूलों का कायाकल्प हुआ है।

‘कंपोजिट विद्यालयों का दौरा कर शिक्षा व्यवस्था देखें अखिलेश’

नवीन श्रीवास्तव ने अखिलेश यादव को प्रदेश में संचालित कंपोजिट विद्यालयों का दौरा करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में विकसित किए गए क्लासरूम, खेल के मैदान, प्रयोगशालाएं और कंप्यूटर लैब जैसी सुविधाएं देखने के बाद अखिलेश को खुद अंदाजा हो जाएगा कि उनके कार्यकाल में शिक्षा का स्तर क्या था और आज प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में कितना बदलाव आया है।

देव दीपावली पर काशी में ग्रीन आतिशबाजी, लेजर शो और 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग का भव्य आयोजन

नकल पर लगाम, तकनीक का पहरा: UPSSSC की दोनों परीक्षाएं सकुशल संपन्न, 50% से भी कम अभ्यर्थी पहुंचे

Related Articles

Back to top button