नेपाल को भारत की बड़ी सौगात: जानिए रेल, सड़क, पेट्रोलियम और IIT को लेकर क्या-क्या हुआ ऐलान
भारत और नेपाल ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की पहली भारत यात्रा के दौरान नेपाल के पुनर्निर्माण एवं विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के सहयोग पैकेज की घोषणा की गई। अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा, सीमा संपर्क, जलविद्युत परियोजनाएं, पेट्रोलियम आपूर्ति, आईआईटी कैंपस, स्टार्टअप इन्क्यूबेटर, छात्रवृत्ति और व्यापार विस्तार जैसे मुद्दों पर सहमति बनी। दोनों देशों ने ‘विकसित भारत–समुन्नत नेपाल’ साझा विजन दस्तावेज भी जारी किया।
नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद अपनी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा पर पहुंचे बालेन्द्र शाह का भारत में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से हुई वार्ता में विकास सहयोग, कनेक्टिविटी, व्यापार, ऊर्जा, शिक्षा, तकनीक, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नेपाल में इस वर्ष जनता द्वारा दिए गए ऐतिहासिक जनादेश को नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों का प्रतिबिंब बताते हुए भारत ने नेपाल के विकास में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
भारत की ओर से नेपाल को एक सशक्त, समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा में साझेदार बने रहने का भरोसा दिया गया। दोनों देशों के बीच हालिया वार्ता में नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर स्पष्ट दृष्टिकोण तथा साझा प्रतिबद्धता पर जोर दिया गया।
बाढ़ प्रभावित नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का पैकेज
नेपाल में अगस्त में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। इस सहयोग का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों के जीवन को सामान्य स्थिति में लाना, नए आर्थिक अवसर पैदा करना और भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए नेपाल की क्षमता को मजबूत करना है।भारत ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास और नेपाल की विकास यात्रा को मजबूती देने के लिए सहयोग जारी रहेगा।
रामायण और धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा शुरू
भारत और नेपाल के संबंधों को साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और जनसंपर्क की मजबूत परंपरा से जुड़ा बताया गया। भगवान राम और माता सीता को दोनों देशों की साझा सभ्यता एवं आस्था का प्रतीक बताते हुए अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में नई पहल की गई।
नई रेल सेवा ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ शुरू होने से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जनकपुर जाकर माता सीता के दर्शन करना आसान होगा। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का उल्लेख करते हुए बताया गया कि वर्ष 2025 में देश और दुनिया से करीब 30 करोड़ श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे।
इसके अलावा लुम्बिनी और बोधगया सहित भारत और नेपाल के बौद्ध तथा शिव-शक्ति से जुड़े पवित्र स्थलों के बीच संपर्क और कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी दोनों देश मिलकर काम करेंगे।
सीमा संपर्क, सड़क और व्यापारिक सुविधाओं का विस्तार
भारत और नेपाल के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार तथा लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचूला रोड ब्रिज का उद्घाटन किया गया, जबकि बनबसा में एकीकृत चेक पोस्ट (ICP) की आधारशिला रखी गई।
नेपाल की ओर दोधारा-चांदनी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण भी तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। इन परियोजनाओं से सीमा पार व्यापार, परिवहन और आवागमन को सुविधा मिलेगी।
बिहार, उत्तर प्रदेश और भारत के अन्य राज्यों से नेपाल के बीच सड़क, रेल और सीमा संपर्क परियोजनाओं को भी गति देने का निर्णय लिया गया। नेपाल के ट्रांजिट व्यापार को सुगम बनाने के लिए कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराने की पहल भी की जाएगी।
जलविद्युत परियोजनाओं से नेपाल की आर्थिक क्षमता बढ़ाने पर जोर
नेपाल की नदियों में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए भारत ने नेपाल की जलविद्युत क्षमता को आर्थिक समृद्धि का आधार बनाने में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। भारत के बड़े ऊर्जा बाजार को नेपाल की जलविद्युत परियोजनाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया गया।
इस दिशा में लोअर अरुण हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजना का शिलान्यास किया गया तथा अरुण-3 परियोजना को समय पर पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को भविष्य में आर्थिक विकास और क्षेत्रीय साझेदारी का महत्वपूर्ण स्तंभ बनाने पर जोर दिया गया।
पेट्रोलियम आपूर्ति और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की पहल
भारत लंबे समय से नेपाल को पेट्रोलियम पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाला विश्वसनीय साझेदार रहा है। इस वर्ष तेल आपूर्ति से संबंधित चुनौतियों के बावजूद नेपाल को ईंधन, उर्वरक और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने का उल्लेख किया गया।
भारत की पड़ोसी प्रथम नीति के तहत मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण का उद्घाटन और झापा पेट्रोलियम टर्मिनल का शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं से नेपाल की ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था अधिक मजबूत और सुविधाजनक होगी।
नेपाल में स्टार्टअप, आईआईटी कैंपस और इनोवेशन हब स्थापित होंगे
नेपाल की युवा पीढ़ी की प्रतिभा, ऊर्जा और नवाचार क्षमता को आगे बढ़ाने के लिए भारत ने शिक्षा, तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की घोषणा की। नेपाल में स्टार्टअप इन्क्यूबेटर, इनोवेशन हब और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने की योजना बनाई जाएगी।
इसके साथ नेपाली विद्यार्थियों के लिए भारत में कानून और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छात्रवृत्तियों के अवसर बढ़ाए जाएंगे। खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करने के लिए नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी भारत सहयोग करेगा।
फिल्म, डिजिटल क्रिएशन और खेलों में सहयोग बढ़ेगा
भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक, फिल्मों और डिजिटल माध्यमों के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया। दोनों देशों के युवा क्रिएटर्स को रामायण सहित साझा विरासत पर मिलकर काम करने के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
इस उद्देश्य से आगामी WAVES समिट में नेपाल के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया जाएगा। खेल, विशेषकर क्रिकेट, में नेपाल के खेल ढांचे के विकास और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए भारत अपना सहयोग बढ़ाएगा।
‘विकसित भारत–समुन्नत नेपाल’ साझा विजन दस्तावेज जारी
भारत और नेपाल ने अपने साझा भविष्य को नई दिशा देने के लिए एक संयुक्त विजन दस्तावेज जारी किया। इसे ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ के लक्ष्यों को मिलकर हासिल करने का रोडमैप बताया गया। दस्तावेज में दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास, विकास, सहयोग और क्षेत्रीय समृद्धि को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
भारत और नेपाल के रिश्तों को केवल पड़ोसी देशों का संबंध नहीं, बल्कि आत्मीयता, अटूट विश्वास, साझा खुशियों और चुनौतियों में एक-दूसरे का साथ देने वाला रिश्ता बताया गया। वार्ता के अंत में विश्वास व्यक्त किया गया कि दोनों देश मिलकर सहयोग की नई पहल को ठोस उपलब्धियों में बदलेंगे और भारत-नेपाल संबंधों का एक नया स्वर्णिम अध्याय लिखेंगे।‘भारत–नेपाल मैत्री अमर रहोस्’ के संदेश के साथ दोनों देशों के बीच साझेदारी, सद्भाव और साझा विकास की भावना को दोहराया गया।
कहानी, गतिविधि और वीडियो से पढ़ाई, यूपी के बच्चों के लिए पीएम ई-विद्या के 5 चैनल बने डिजिटल गुरु
आजम खान से दूरी पर अखिलेश को घेरा, राजभर बोले-‘अब दग चुकी गोली समझ रहे हैं’



