NationalVaranasi

देव दीपावली पर काशी में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था, 3,000 से अधिक पुलिसकर्मी और एंटी ड्रोन सिस्टम तैनात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वाराणसी में देव दीपावली को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। 24 नवंबर को 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना के बीच 3,000 से अधिक पुलिसकर्मी, 25 वॉच टावर, एंटी ड्रोन सिस्टम, सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी तैनात रहेगी। गंगा में नौकाओं के लिए अलग मार्ग, वाटर बैरिकेडिंग, फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन, एनडीआरएफ की टीमें और अस्पतालों में आरक्षित बेड की व्यवस्था की गई है।

वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर काशी की विश्वविख्यात देव दीपावली को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान और शाम को अर्धचंद्राकार घाटों पर दीपों की अलौकिक छटा देखने के लिए देश-विदेश से 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए योगी सरकार ने घाटों से लेकर गंगा और शहर के प्रमुख मार्गों तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। पुलिस, अर्धसैनिक बलों, जल पुलिस और आपदा बचाव दलों की तैनाती के साथ आधुनिक तकनीक से भी निगरानी की जाएगी।

3,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों के हाथों में होगी कमान

वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि देव दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान 25 से अधिक आईपीएस और 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों के साथ 3,000 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों के हाथों में होगी। इसके अतिरिक्त सीआरपीएफ, पीएसी और त्वरित कार्रवाई दल की टीमें भी तैनात रहेंगी। पूरे घाट क्षेत्र को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर सुरक्षा प्रबंध लागू किए गए हैं, ताकि भीड़ नियंत्रण और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

एंटी ड्रोन सिस्टम से लेकर वॉच टावर तक निगरानी

घाटों और आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखने के लिए 25 वॉच टावर बनाए गए हैं। चार टीथर्ड ड्रोन के माध्यम से भी लगातार निगरानी की जाएगी। अनधिकृत ड्रोन गतिविधियों को रोकने के लिए एंटी ड्रोन सिस्टम तैनात रहेगा। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी घाटों और प्रमुख स्थानों की निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू रखने के लिए घाटों पर प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। रामनगर की ओर स्थित घाटों पर भी विशेष सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मार्ग परिवर्तन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए उन्हें व्यवहार कौशल का प्रशिक्षण भी दिया गया है।

गंगा में नौकाओं के लिए अलग-अलग मार्ग, यू-टर्न की भी व्यवस्था

देव दीपावली पर गंगा में बड़ी संख्या में नौकाओं के संचालन को देखते हुए जल क्षेत्र की सुरक्षा के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। वाटर बैरिकेडिंग के माध्यम से नौकाओं के आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं। नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाने वाली नावें पक्के घाटों की तरफ से संचालित होंगी, जबकि अस्सी घाट से नमो घाट जाने वाली नावों के लिए गंगा पार रेतीले क्षेत्र की तरफ का मार्ग निर्धारित किया गया है। गंगा में नावों के लिए यू-टर्न की व्यवस्था भी रहेगी। नाविकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाने और सभी को लाइफ जैकेट पहनाने के निर्देश दिए गए हैं। जल पुलिस के जवानों के कंधों पर लाल और नीली ब्लिंकर लाइट लगाई जाएंगी, जिससे अंधेरे में भी उनकी पहचान दूर से की जा सकेगी।

चेत सिंह घाट पर बनेगा फ्लोटिंग वाटर रेस्क्यू स्टेशन

गंगा में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग वाटर रेस्क्यू स्टेशन स्थापित किया जाएगा। एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने बताया कि यहां बचाव और सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपकरण उपलब्ध रहेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल बचाव अभियान शुरू किया जा सके। जल क्षेत्र की सुरक्षा के लिए जल पुलिस के जवानों के साथ एनडीआरएफ की नौ टीमें विभिन्न घाटों पर तैनात रहेंगी। इन टीमों के पास बचाव उपकरण, चिकित्सा दल और वाटर एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी।

अस्पतालों में आरक्षित रहेंगे बेड, चिकित्सक भी अलर्ट

श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों में बेड आरक्षित किए गए हैं। चिकित्सकों की टीमों को भी सतर्क रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित व्यक्ति को बिना देरी के उपचार मिल सके। पुलिस, जल सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था के समन्वय से देव दीपावली के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है।

नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने जल निगम व प्रकाश विभाग के अधिकारियों संग किया घाटों का स्थलीय निरीक्षण

विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली पर्व को भव्य और दिव्य बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारी पूर्ण कर ली है। नमो घाट से लेकर अस्सी घाट तक सभी प्रमुख घाटों पर उत्कृष्ट प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक झालर लाइटिंग और हाई-मास्ट फ्लड लाइटें लगा दी गई हैं। रंग-बिरंगी और दूधिया रोशनी में नहाए घाटों की छटा देखते ही बन रही है।

​तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने सोमवार को जल निगम व प्रकाश विभाग (लाइटिंग) के अधिकारियों के साथ नमो घाट से अस्सी घाट तक का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके अलावा नगर आयुक्त द्वारा नमो घाट स्थित शौचालय का भी निरीक्षण किया गया निरीक्षण के दौरान देव दीपावली में काफी भीड़ पर्यटक घाट पर उपस्थित होंगे विशेष स्वच्छता अभियान समय-समय पर शौचालय की उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था हैंड वॉश तौलिया आदि व्यवस्था सुनिश्चित रखें जाने के निर्देश दिए गए।

इस मौके पर उनके साथ जल निगम के अधिकारी, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी घाट या संपर्क मार्ग पर सीवर ओवरफ्लो और गंदगी की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जल निगम और सफाई कर्मियों की टीमों को विशेष रूप से अलर्ट रखा गया है। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि घाटों और रास्तों की साफ-सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था से जुड़े अधिकांश कार्य पूरे कर लिए गए हैं और शेष बची तैयारियां भी आज रात तक हर हाल में पूर्ण कर ली जाएंगी।

नेपाल को भारत की बड़ी सौगात: जानिए रेल, सड़क, पेट्रोलियम और IIT को लेकर क्या-क्या हुआ ऐलान

Related Articles

Back to top button