
रायबरेली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को रायबरेली लोकसभा सीट के लिये अपना नामांकन दाखिल किया।श्री गांधी ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर उनकी मां सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद रहे।गौरतलब है कि वर्ष 1999 से श्री राहुल गांधी की मां श्रीमती सोनिया गांधी इस सीट का संसद में प्रतिनिधित्व करती रही हैं हालांकि मौजूदा लोकसभा चुनाव में उन्होने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुये चुनाव लड़ने से मना कर दिया था।
श्री राहुल गांधी का रायबरेली में मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिनेश प्रताप सिंह से होगा जिन्होने आज ही अपना नामांकन दाखिल किया है।इससे पहले श्री गांधी 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की स्मृति ईरानी से चुनाव हार गये थे हालांकि वह केरल की वायनाड सीट से चुनाव जीत कर लोकसभा पहुंचे थे।श्री गांधी के नामांकन जुलूस के दौरान हजारों समर्थकों की भीड़ मौजूद थी जबकि सड़क के दोनो ओर और छताें पर गांधी परिवार की एक झलक पाने के लिये चिलचिलाती गर्मी में हजारों लोग मौजूद रहे। इस दौरान समूचे रायबरेली के कई हिस्सों में जाम की स्थिति बन गयी। नामांकन जुलूस का नेतृत्व उनकी बहन एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कर रही थी।
गौरतलब है कि रायबरेली की सांसद रही श्रीमती सोनिया गांधी ने स्वास्थ्य कारणों से राज्य सभा जाते हुए यहां की जनता को एक भावुक पत्र लिखा था कि उनके स्थान पर उनके परिवार का ही कोई व्यक्ति यहाँ से चुनाव लड़ेगा जिसके बाद से ही यहां श्री राहुल गांधी अथवा उनकी बहन प्रियंका गांधी के चुनावी रण में उतरने के कयास लगाये जाने लगे हैं।रायबरेली सीट में 1999 में हुए उपचुनाव के बाद से कांग्रेस नेता सोनिया गांधी लगातार 2019 तक इस सीट से सांसद रही हैं लेकिन इस बार स्वास्थ्य का हवाला देते हुए उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। वह राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गई हैं।श्रीमती गांधी ने पिछले लोकसभा चुनाव में इस सीट पर 534918 मतों के साथ 56.41 प्रतिशत वोट हासिल किए थे जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह ने 38.78 प्रतिशत वोट हासिल कर 367740 मत प्राप्त किए थे। तब तीसरे स्थान पर अशोक प्रताप मौर्य और चौथे पर निर्दलीय सुरेंद्र बहादुर सिंह रहे थे।
साल 2014 के चुनाव में श्रीमती गांधी ने भाजपा के अजय अग्रवाल को शिकस्त देते हुए 526434 मत प्राप्त किए जबकि भाजपा के श्री अजय अग्रवाल को 173721 मत मिले थे। बसपा तीसरे स्थान पर रही थी। इस सीट पर पहला चुनाव 1952 में हुआ और तब से 19 चुनाव में 16 बार कांग्रेस ही जीती है। इस सीट पर 1977 में जनता पार्टी के राज नारायण ने इंदिरा गांधी को हराया था और उसके बाद 1996 में भाजपा के अशोक सिंह ने यह सीट जीती थी। श्रीमती गांधी इस बार चुनाव लड़ती तो वह लगातार छठी बार लोकसभा में पहुंच सकती थी।
अमेठी में किशोरी लाल ने पर्चा भरा, प्रियंका ने मांगा जीत का आशीर्वाद
हाईप्रोफाइल अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा ने शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल किया।श्री शर्मा ने दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अपना नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस ने आज सुबह ही श्री शर्मा को प्रत्याशी घोषित किया था हालांकि वह गुरुवार को ही अमेठी आ गये थे और रोड शो की अनुमति भी जिला प्रशासन से ले ली थी मगर कयास लगाये जा रहे थे कि इस सीट से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी और मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी का सामना करेंगे।आज दोपहर अमेठी पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने श्री शर्मा की जीत के लिये अमेठी की जनता से अपील की। उन्होने नामांकन से पहले कांग्रेस प्रत्याशी के साथ रोड शो किया। उनके साथ राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्रीअशोक गहलोत भी शामिल हुए।

श्रीमती वाड्रा ने नामांकन सभा को संबोधित करते हुये कहा “ हम यह चुनाव आपके लिए लड़ रहे हैं। हम आपके साथ खड़े हैं । आज तीन मई है और आज से चुनाव तक हम आपके साथ रहेंगे।”उन्होने कहा “ चुनाव तक हम आपके साथ रहकर किशोरी लाल जी को जीत दिलाएंगे। इनको यहां से सांसद बनाएंगे। हमने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। हमें आपकी आवाज उठानी है। शर्मा जी 48 सालों से अमेठी की सेवा कर रहे हैं। यहां की गली-गली गांव गांव यह जानते हैं। अमेठी की क्या जरूरत है और क्या समस्याएं हैं। हर चीजों से वाकिफ हैं। यह लड़ाई आप लोग मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़िए।” उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से विजई बनाने का अपील किया।(वार्ता)
#WATCH रायबरेली, उत्तर प्रदेश: रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा के साथ कांग्रेस कार्यालय में पूजा की। pic.twitter.com/xbXK448PnX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 3, 2024
जननायक @RahulGandhi जी ने उत्तर प्रदेश के रायबरेली से लोकसभा चुनाव का नामांकन भरा।
ये चुनाव देश में लोकतंत्र की रक्षा का चुनाव है, अन्याय को हराकर न्याय की स्थापना का चुनाव है।
हम हर कीमत पर लोकतंत्र की रक्षा करेंगे।
लड़ेंगे और जीतेंगे ✊ pic.twitter.com/Rb5fRFcLri— Congress (@INCIndia) May 3, 2024
#WATCH रायबरेली, उत्तर प्रदेश: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के रायबरेली से नामांकन को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "उनसे पूछिए कि वे तो खुद ही भागकर वाराणसी आए हैं…" pic.twitter.com/lYMTKReqNL
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 3, 2024
#WATCH रायबरेली, उत्तर प्रदेश: रायबरेली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, "रायबरेली के साथ सोनिया गांधी ने धोखा किया प्रियंका गांधी ने धोखा किया और जिनको अमेठी से प्रत्याशी बनाया उन्होंने धोखा किया। रायबरेली की जनता ने सोनिया गांधी को सांसद चुना, सोनिया… pic.twitter.com/Shdfqowh8L
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 3, 2024



